Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

दिल्ली-नोएडा में सावन जैसा नजारा; घने बादलों के बीच झमाझम बारिश, तापमान में भारी गिरावट

उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते मौसम ने करवट बदल ली है. दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह से ही तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही है, जिससे तापमान 32 डिग्री तक गिर गया है.

Aaj Ka Mausam Delhi NCR Rain Weather Update Today UP Rajasthan Alert

Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में पिछले कई दिनों से सूरज की आग और उमस से बेहाल लोगों के लिए आखिरकार आसमान से राहत की फुहारें बरस पड़ी हैं. पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने मिलकर मौसम का पासा ऐसा पलटा कि देखते ही देखते चिलचिलाती धूप गायब हो गई और घने काले बादलों ने डेरा डाल दिया. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक, मौसम विभाग ने तेज आंधी, वज्रपात और जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम का ये बदला हुआ मिजाज इस पूरे हफ्ते लोगों को भीषण गर्मी के टॉर्चर से बचाकर रखेगा.

दिल्ली-NCR में सावन जैसा नजारा

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह जब लोगों की आंखें खुलीं, तो आसमान में छाए सावन-भादों जैसे काले बादलों ने उनका स्वागत किया. मौसम विभाग यानी आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में जोरदार बारिश की संभावना जताई है.

उत्तर, उत्तर-पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी दिल्ली के साथ-साथ गाजियाबाद, दादरी, लोनी, हिंडन और छपरौला में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का दौर शुरू हो चुका है. वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल रही हैं.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रात होते-होते ये हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार पकड़ सकती हैं. इस बदलाव से दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान सीधे 6 से 7 डिग्री लुढ़क कर 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच आ गया है, जिससे पूरा हफ्ता सुहाना बना रहेगा.

यूपी में कहीं बरसे बदरा तो कहीं गिरे ओले

उत्तर प्रदेश में भी गुरुवार से शुरू हुआ आंधी-पानी का सिलसिला शुक्रवार को और उग्र हो गया है. बीते दिन गोरखपुर में रिकॉर्ड 75 मिलीमीटर, बलिया में 64 मिलीमीटर और बाराबंकी व संत कबीर नगर में 48 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसने गर्मी को पूरी तरह गायब कर दिया. मौसम विभाग ने आज बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, इटावा और औरैया समेत कई जिलों में आंधी और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

इसके साथ ही अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, जालौन, झांसी और ललितपुर में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है. हालांकि, बरेली और शाहजैसे इलाकों में पारा सामान्य से 7 डिग्री नीचे चला गया है, लेकिन बुंदेलखंड के झांसी में अब भी 43.4 डिग्री के साथ गर्मी का असर बना हुआ है.

राजस्थान का मिजाज बदला

मरुस्थलीय राज्य राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र के 20 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बीते दिन श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर और कोटपूतली के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है.

हालांकि, जैसलमेर अब भी 46 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म बना हुआ है. जयपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर में उमस के बाद अब धूल भरी आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं, जिससे अगले दो-तीन दिनों में पारा 4 डिग्री तक और गिर सकता है.

ये भी पढ़ें: दिल्‍ली: मालवीय नगर के बाद अब तुगलकाबाद में भी लगी भीषण आग, 3 की मौत; राहत कार्य जारी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital