2024 Sambhal Violence Update: उत्तर प्रदेश के संभल में 24 नवंबर 2024 को जमा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा के मामले में मुख्य आरोपी शारीक साटा पर प्रशंसान का शिकंजा कसता जा रहा है. कोर्ट के आदेश के बाद दीपा सराय निवासी शारिक साटा की संपत्ति कुर्क की जा रही है. कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
मास्टरमाइंड शारिक साटा की संपत्ति जब्त
हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक के घर पर कोर्ट के आदेश पर उसकी प्रॉपर्टी जब्त करने के लिए भारी पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे हैं. तहसीलदार धीरेंद्र कुमार ने कहा कि कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, शारिक की प्रॉपर्टी अटैच की गई है. रेवेन्यू डिपार्टमेंट और पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं, यह प्रॉपर्टी शहर के सबसे महंगे इलाकों में से एक में है. इस बिल्डिंग में चार मंजिलें हैं, लेकिन सिर्फ फरार आरोपी की जायदाद वाली मंजिल को ही अटैच किया गया है.
कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शारिक के घर को अटैच कर लिया है. बवाल में मुख्य साजिशकर्ता आरोपी शारिक साटा के खिलाफ धारा 209 बीएनएस के तहत तीन रिपोर्ट दर्ज की गई थीं. कोर्ट ने यह कार्रवाई शारिक के न्यायालय में उपस्थित ना होने के कारण की गई.
बवाल के दौरान हुई थी फायरिंग
एसपी के अनुसार, शारिक साटा के खिलाफ मुख्य अपराध संख्या 340/24 और 306/24 में हत्या की साजिश रचने और हिंसा फैलाने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं. पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, संभल हिंसा के दौरान गोलीबारी भी हुई थी, जिसमें आम नागरिकों की मौत हुई. शारिक साटा के गिरोह के सदस्य मुल्ला अफरोज, गुलाम और वारिस ने फायरिंग की थी. तीनों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुल्ला अफरोज के खिलाफ एनएसए के तहत भी कार्रवाई की गई है.
ये भी पढ़ें: “ले बेट्टा! दिल ना लिया, दिल ना दिया…” गाकर गणतंत्र दिवस रिहर्सल करते नजर आए जवान, Video Viral
दुबई से गिरोह चला रहा है शारिक साटा
जानकारी के मुताबिक, शारिक साटा दुबई में रहकर अपना गिरोह संचालित करता है. वह देश का कुख्यात कार चोर बताया जाता है. उस पर हथियार, सोना और नकली नोटों की तस्करी के आरोप भी हैं. इसके अलावा उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संपर्क होने की भी जानकारी सामने आई है. शारिक साटा के खिलाफ दिल्ली में पहले से कई मामले दर्ज हैं और अब संभल पुलिस ने भी उसे भगोड़ा घोषित कर दिया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

