Air India pilot marijuana: सोचिए, आप 36,000 फीट की ऊंचाई पर आसमान में सफर कर रहे हों और अचानक पता चले कि आपके विमान का पायलट नशे में धुत है! यह कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि 4 अगस्त को थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 की खौफनाक सच्चाई है. इस फ्लाइट का पायलट-इन-कमांड गांजा (Marijuana) पीकर विमान उड़ा रहा था. लैब की कन्फर्मेटरी रिपोर्ट में उसके ड्रग टेस्ट के पॉजिटिव आने के बाद विमानन महकमे में हड़कंप मच गया है.
अचानक 300 फीट नीचे गिरा था विमान (Phuket to Delhi Air India flight turbulence)
4 अगस्त को जब यह एयरबस A320 विमान ओडिशा के ऊपर से गुजर रहा था, तभी अचानक भयंकर एयर टर्बुलेंस (हवा का दबाव बिगड़ना) हुआ और विमान 300 फीट नीचे गिर गया. प्लेन के अचानक नीचे आने से केबिन के अंदर भयानक अफरा-तफरी मच गई. तेज झटके और एयर प्रेशर के कारण 13 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स को गंभीर चोटें आईं. किसी का कान फट गया तो किसी के कंधे और गर्दन में गहरी चोट लगी.
डोप टेस्ट ने खोली नशेबाज पायलट की पोल (Pilot drug test positive Air India)
दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह 11:07 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी 17 घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया. हादसे के बाद विमान के दोनों पायलटों की साइकोएक्टिव सब्सटेंस स्क्रीनिंग (डोप टेस्ट) कराई गई. को-पायलट की रिपोर्ट तो नॉर्मल आई, लेकिन पायलट-इन-कमांड की शुरुआती जांच संदिग्ध (नॉन-नेगेटिव) निकली. जब सैंपल को विस्तृत लैब जांच के लिए भेजा गया, तो रिपोर्ट ने सबके होश उड़ा दिए—पायलट ने मारिजुआना (गांजा) का सेवन किया था.
विमान में भी आई थीं कई खराबियां (Air India pilot drug test controversy)
DGCA ने जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को फ्लाइंग ड्यूटी (रोस्टर) से हटा दिया है. सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान प्लेन का हाइड्रोलिक सिस्टम तीन बार फेल हुआ था और ऑटो पायलट भी डिस्कनेक्ट हो गया था. इसके बाद को-पायलट ने मैनुअल तरीके से विमान को संभाला.
ये भी पढ़ें: कौन से हैं दो बिल जो लोकसभा में हंगामें के बीच हो गए पास?
सरकार ने CEO को किया तलब (Air India flight emergency)
इस बेहद गंभीर लापरवाही के बाद सरकार पूरी तरह एक्शन में है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एअर इंडिया के आउटगोइंग सीईओ कैंपबेल विल्सन को मंगलवार को तलब कर कड़ी फटकार लगाई है. चूंकि हादसा एयरबस A320 विमान के साथ हुआ है, जो फ्रांस में बनता है, इसलिए हादसे के कारणों की जांच के लिए फ्रांस की एविएशन एजेंसी (BEA) और एयरबस की टीमें भी भारत पहुंच चुकी हैं. फिलहाल ‘नशेबाज’ पायलट की इस करतूत ने यात्रियों की सुरक्षा पर सबसे बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


