Hidayatullah Patel Death: महाराष्ट्र के अकोला जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना हुई. मोहाला गांव की जामा मस्जिद में महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष हिदायतुल्लाह पटेल पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया. 66 वर्षीय पटेल जोहर की नमाज अदा करने पहुंचे थे. जैसे ही वह नमाज खत्म कर बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे हमलावर ने धारदार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया.
गंभीर चोटें और वायरल वीडियो
हमले में पटेल की गर्दन और सीने पर गहरे घाव आए, जिससे काफी खून बह गया. घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए, जिनमें पटेल खून से लथपथ कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अकोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
इलाज के दौरान मौत
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टरों ने पटेल का इलाज शुरू किया लेकिन बुधवार सुबह उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए.
ये भी पढ़ें-भारत में ही खेलना होगा टी20 वर्ल्ड कप, ICC ने बांग्लादेश की मांग ठुकराई
मामले में आरोपी गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी ने बताया कि आरोपी उबेद खान कालू खान उर्फ रजिक खान पटेल (22) को पकड़ने के लिए छह टीमें बनाई गई थीं. उसे मंगलवार रात करीब 8 बजे अकोट तालुका के पनाज गांव से गिरफ्तार कर लिया गया. घटना के बाद मोहाला और अकोट शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चंडक हालात की समीक्षा कर रहे हैं. अकोट ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




