Bharat Express DD Free Dish

अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला, पहलगाम और बालटाल मार्ग पर ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध

अमरनाथ यात्रा 2025 को सुरक्षित बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार ने यात्रा मार्ग को ‘नो फ्लाइंग ज़ोन’ घोषित किया है. ड्रोन, UAV और बैलून की उड़ान पर रोक रहेगी। सुरक्षा समीक्षा के तहत 580 CAPF कंपनियां तैनात होंगी.

cave shrine of Amarnath

इस साल 52 दिन तक चलेगी अमरनाथ यात्रा

Amarnath Yatra 2025: आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर सरकार ने यात्रा के पूरे मार्ग को ‘नो फ्लाइंग ज़ोन’ घोषित कर दिया है. यह आदेश केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के परामर्श के बाद लिया गया है, जो 1 जुलाई से लागू होगा और 10 अगस्त तक प्रभावी रहेगा.

इस आदेश के तहत पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर किसी भी प्रकार की हवाई गतिविधि पर रोक लगा दी गई है. इसमें ड्रोन, यूएवी (Unmanned Aerial Vehicle), बैलून सहित सभी तरह के हवाई उपकरण शामिल हैं.

हालांकि, यह प्रतिबंध मेडिकल इमरजेंसी , आपदा प्रबंधन, और सुरक्षा बलों द्वारा की जाने वाली निगरानी उड़ानों पर लागू नहीं होगा. इन के लिए सरकार जल्द ही एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी करेगी.

गौरतलब है कि आज केंद्र सरकार के गृह सचिव गोविंद मोहन श्रीनगर में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं. इस बैठक में अमरनाथ यात्रा की संपूर्ण सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की जा रही है. इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी. हाल ही में पहलगाम क्षेत्र में हुए आतंकी हमले को देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

इस यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 580 कंपनियों की केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बलों (CAPF) की तैनाती की जा रही है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके. सरकार द्वारा उठाए गए ये कड़े कदम यह सुनिश्चित करते हैं कि बाबा बर्फानी के भक्तों की आस्था पर कोई आंच न आए और हर श्रद्धालु को सुरक्षित दर्शन का अवसर मिल सके.

ये भी पढ़ें: Bihar News: मधुबनी, मुंगेर सहित कई शहरों में बनेंगे छोटे हवाई अड्डे, कैबिनेट की बैठक में एमओयू करने को मिली स्वीकृति

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read