Statue Unveiling Controversy: दिनेश/अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सरगुजा दौरे से ठीक पहले अंबिकापुर में एक बड़ा राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला है. मुख्यमंत्री आज जिस शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का आधिकारिक रूप से अनावरण करने वाले थे, उसे लेकर युवा कांग्रेस ने देर रात बड़ा दांव खेल दिया. प्रशासन और नगर निगम की तैयारियों को धता बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रात के अंधेरे में ही प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और नारियल फोड़कर प्रतीकात्मक अनावरण कर दिया. इस घटना के बाद सरगुजा की राजनीति में उबाल आ गया है और प्रशासनिक मुस्तैदी पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
रात के अंधेरे में ‘मौन अनावरण’
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें आज दोपहर अंबिकापुर में शहीद चंद्रशेखर आजाद और स्वर्गीय पं. रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण करना था. इसके लिए नगर निगम और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं. लेकिन सुरक्षा और व्यवस्था के दावों के बीच, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता देर रात प्रतिमा स्थल पर पहुंच गए. उन्होंने न केवल प्रतिमा की पूजा की और नारियल फोड़ा, बल्कि सीएम के कार्यक्रम से पहले ही अपनी तरफ से ‘अनावरण’ की रस्म पूरी कर दी.
इस घटना ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है, क्योंकि कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के आने से पहले ऐसी चूक होना बड़ी लापरवाही मानी जा रही है.
मुख्यमंत्री का सरगुजा दौरा
इस सियासी बवाल के बीच, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सरगुजा दौरा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जारी है. मुख्यमंत्री दोपहर 12:00 बजे लुंड्रा पहुंचेंगे, जहां वे एक विशाल किसान सम्मेलन में शिरकत करेंगे. इस दौरान सीएम किसानों से सीधा संवाद करेंगे और कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी करेंगे.
सरगुजा क्षेत्र के विकास के लिए यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि यहां से वे कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं.
शाम को होगा आधिकारिक कार्यक्रम
प्रशासनिक कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 3:25 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगे. यहां वे शहीद चंद्रशेखर आजाद और स्वर्गीय पं. रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण करेंगे. हालांकि, कांग्रेस की इस ‘अर्ली एंट्री’ ने भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज कर दी है.
भाजपा इसे कांग्रेस की हताशा और मर्यादा का उल्लंघन बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे प्रशासन की विफलता करार दे रही है. अंबिकापुर के इस दौरे के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:05 बजे वापस प्रस्थान करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

