Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

भोपाल में लगेगी 5 दिवसीय हाई-टेक प्रदर्शनी, अमित शाह करेंगे उद्घाटन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. इसमें एफएसएल जांच से लेकर कोर्ट ट्रायल तक की प्रक्रिया लाइव दिखाई जाएगी.

Amit Shah Bhopal Visit 3 October New Criminal Laws Exhibition MP Police

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 3 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश के संभावित दौरे पर भोपाल आ रहे हैं. इस दौरान वह केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों (नवीन आपराधिक कानून) पर आधारित एक विशेष और भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर पुलिस मुख्यालय में विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.

थाने से लेकर कोर्ट तक की प्रक्रिया समझ सकेंगे नागरिक

इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम जनता को यह समझाना है कि नए कानून लागू होने के बाद पुलिस और न्याय प्रणाली कैसे काम करती है. इसमें अपराध की सूचना मिलने से लेकर अदालत से न्याय मिलने तक की पूरी प्रक्रिया को बेहद सरल, रोचक और डिजिटल माध्यमों से दिखाया जाएगा.

प्रदर्शनी में दिखाया जाएगा कि डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम कैसे मौके पर पहुंचती है, वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्य कैसे जुटाए जाते हैं और फिर अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व सीसीटीएनएस (CCTNS) के जरिए पारदर्शी कार्रवाई कैसे आगे बढ़ती है.

फॉरेंसिक साइंस और एमपी पुलिस के नवाचार

आयोजन में आधुनिक पुलिसिंग और नई तकनीकों के इस्तेमाल पर खास जोर रहेगा. साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान, सेफ क्लिक, नक्सल उन्मूलन, नशे के खिलाफ अभियान और साइबर क्विज जैसी जनहितकारी पहलों की जानकारी डिजिटल स्क्रीन, वीडियो और पोस्टर्स के जरिए दी जाएगी. इसके साथ ही फॉरेंसिक जांच और हाई-टेक मालखाना व्यवस्था का सजीव प्रदर्शन भी होगा.

सांस्कृतिक झलक और युवाओं की भागीदारी

यह प्रदर्शनी सिर्फ कानूनी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय कला, वन व वन्यजीवन और ऐतिहासिक स्थलों की झलक भी देखने को मिलेगी. प्रदर्शनी स्थल के प्रवेश द्वार को राज्य की पारंपरिक कला से सजाया जाएगा.

प्रदर्शनी में स्कूल-कॉलेज के छात्रों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि हर व्यक्ति अपने कानूनी अधिकारों और पुलिस की नई कार्यप्रणाली को आसानी से समझ सके.

यह भी पढ़ें: युवक ने सवाल पूछा तो मंत्री जी ने जड़ दिया थप्पड़? AAP ने दर्ज कराई FIR

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital