गुजरात में विकास परियोजनाओं की झड़ी लगाने के बाद, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज (17 मई) से छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय अहम दौरे पर आ रहे हैं. उनका यह दौरा प्रशासनिक और सुरक्षा दोनों ही नजरियों से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. तय कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री आज रात 08:30 बजे राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे नवा रायपुर स्थित एक होटल में रात्रि विश्राम के लिए रवाना होंगे.
‘डायल 112’ को मिलेगी नई ताकत
अगले दिन यानी 18 मई की सुबह अमित शाह रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. यहां वे प्रदेश की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ की ताकत बढ़ाते हुए, इसके बेड़े में शामिल किए गए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
रायपुर में कार्यक्रम के तुरंत बाद दोपहर 12:20 बजे वे बस्तर संभाग के जगदलपुर के लिए उड़ान भरेंगे. जगदलपुर पहुंचकर वे नेतानार इलाके में एक नए ‘जनसुविधा केंद्र’ का शुभारंभ कर आम जनता को बड़ी राहत देंगे. शाम को वे जगदलपुर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित एक विशेष लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ भी उठाएंगे.
मिनट-टू-मिनट: अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा
- 17 मई, रात 08:30 बजे: रायपुर आगमन और नवा रायपुर के होटल प्रस्थान (रात्रि विश्राम)
- 18 मई, सुबह 10:30 बजे: पुलिस परेड ग्राउंड, रायपुर में ‘डायल 112’ सेवा के नए वाहनों को हरी झंडी
- 18 मई, दोपहर 12:20 बजे: रायपुर से जगदलपुर (बस्तर) के लिए रवानगी होगी
- 18 मई, दोपहर (बाद में): नेतानार, जगदलपुर में ‘जनसुविधा केंद्र’ का शुभारंभ
- 18 मई की शाम: जगदलपुर पुलिस विभाग के लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे और रात्री विश्राम करेंगे
- 19 मई, सुबह 11:00 बजे: जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक में हिस्सा लेंगे
- 19 मई: जगदलपुर की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन
- 19 मई, दोपहर 03:40 बजे: छत्तीसगढ़ दौरे का समापन के बाद जगदलपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवानगी
रायपुर से जगदलपुर तक सुरक्षा चाक-चौबंद
19 मई को जगदलपुर में होने वाली ‘मध्य क्षेत्रीय परिषद’ (Central Zonal Council) की बैठक इस दौरे का सबसे बड़ा केंद्र बिंदु है, जिसमें कई राज्यों के आपसी समन्वय और सुरक्षा (विशेषकर नक्सल प्रभावित इलाकों) के मुद्दों पर बड़ी रणनीति तय की जा सकती है.
ये भी पढ़ें: 5 देशों के दौरे के तीसरे चरण में आज स्वीडन पहुंचेंगे पीएम मोदी, द्विपक्षीय व्यापार और AI पर होगी चर्चा
गृह मंत्री के इस हाई-प्रोफाइल वीवीआईपी (VVIP) दौरे को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर दोनों ही शहरों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और स्थानीय प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


