Uttrakhand News: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ की और कहा कि धामी जी उत्तराखंड की हर समस्या को एक-एक करके हल कर रहे हैं. इससे राज्य अब दोगुनी गति से विकास के रास्ते पर चल पड़ा है.
उत्तराखंड राज्य आंदोलन को याद किया
अपने संबोधन की शुरुआत में अमित शाह ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन को याद किया. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को अपनी पहचान, संस्कृति और अधिकार बचाने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ा. रामपुर तिराहा कांड जैसी दुखद घटनाओं का सामना करना पड़ा. जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड, झारखंड और छत्तीसगढ़ जैसे नए राज्यों का गठन किया. आज ये राज्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
अटल जी ने बनाया, मोदी जी संवार रहे
अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड को अटल जी ने बनाया और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे संवारने का काम हो रहा है. 2017 से 2026 तक का समय उत्तराखंड के विकास के लिए समर्पित रहा. पिछले चार सालों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की समस्याओं को दूर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
नए कानून से तीन साल में मिलेगा न्याय
अमित शाह ने नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी देखने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 150 साल पुराने अंग्रेजी कानूनों को बदल दिया. 2028 तक नई न्याय व्यवस्था पूरी तरह लागू हो जाएगी. एफआईआर से सुप्रीम कोर्ट तक का फैसला तीन साल में आ जाएगा. यह दुनिया की सबसे आधुनिक न्याय व्यवस्था होगी.
CAA के तहत शरणार्थियों को बधाई
नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत भारतीय नागरिकता पाने वाले शरणार्थियों को बधाई देते हुए अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों का इस देश पर उतना ही हक है जितना मोदी जी का. तुष्टिकरण की राजनीति से उन्हें लंबे समय तक वंचित रखा गया. सरकार उन्हें नागरिकता देने पर अडिग है.
ऐतिहासिक फैसलों का जिक्र
अमित शाह ने धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर, केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम पुनर्निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसे ऐतिहासिक कामों का जिक्र किया.
नकल विरोधी कानून से पारदर्शिता
उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में 1900 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलने पर बधाई दी. कहा कि अब सरकारी नौकरियां बिना पर्ची और बिना खर्च के मिल रही हैं. सीएम धामी के सख्त नकल विरोधी कानून से रोजगार में पारदर्शिता आई है.
2027 का कुंभ रिकॉर्ड तोड़ेगा
अमित शाह ने कहा कि 2027 में हरिद्वार कुंभ मेला सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा. वाइब्रेंट विलेज योजना से सीमांत गांवों को प्रथम गांव का दर्जा मिला है. इससे पलायन रुकेगा और उत्तराखंड को खास फायदा होगा.
घुसपैठियों पर सख्ती
सीएम धामी द्वारा 10 हजार एकड़ सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की सराहना करते हुए अमित शाह ने कहा कि सरकार केदारनाथ से कन्याकुमारी तक हर घुसपैठिए को बाहर निकालेगी. समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के लिए भी धामी की तारीफ की. इससे जनसांख्यिकीय असंतुलन रुकेगा. मतदाता सूची में सिर्फ भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए.
केंद्र सरकार से बढ़ी मदद
अमित शाह ने बताया कि 2004-2014 में उत्तराखंड को केंद्र से सिर्फ 54 हजार करोड़ मिले थे. अब तक 1 लाख 87 हजार करोड़ मिल चुके हैं. ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं चल रही हैं. प्रति व्यक्ति आय 1.25 लाख से बढ़कर 2.60 लाख हो गई. GSDP 1.5 लाख करोड़ से 3.5 लाख करोड़ पहुंच गया.
सीएम बोले- मोदी-शाह के नेतृत्व में प्रगति
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के मार्गदर्शन में 2022 में जनता ने प्रचंड बहुमत दिया. धारा 370 हटाने, CAA जैसे फैसलों से एक भारत मजबूत हुआ. आतंकवाद-नक्सलवाद पर लगाम लगी. राम मंदिर, केदारनाथ पुनर्निर्माण जैसे काम सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक हैं.
कुंभ के लिए केंद्र ने दिए 500 करोड़
सीएम धामी ने 2027 कुंभ के लिए केंद्र से 500 करोड़ मिलने पर आभार जताया. सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है. ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ के समझौते हुए. बजट 60 हजार से 1 लाख करोड़ हुआ. स्टार्टअप 700 से 1700 हो गए. नीति आयोग में उत्तराखंड पहले स्थान पर.
यूसीसी, भू-कानून से लोगों को न्याय
सीएम धामी ने यूसीसी लागू करने और सख्त भू-कानून से भू-माफियाओं पर रोक लगाने का जिक्र किया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई नेता मौजूद रहे. कार्यक्रम में लाखों लोग शामिल हुए. यह धामी सरकार के सुशासन और विकास की मिसाल बना.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



