Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

बंगाल में अमित शाह का एक्शन प्लान, चिकन नेक से लेकर कानून-व्यवस्था तक होगी समीक्षा

Amit Shah West Bengal Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल दौरे पर BSF जवानों से मुलाकात करेंगे और सीमा सुरक्षा, चिकन नेक कॉरिडोर व कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा करेंगे.

Amit Shah

Amit Shah West Bengal Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन दिनों पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर हैं. शनिवार का दिन उनके कार्यक्रमों के लिहाज से बेहद व्यस्त रहने वाला है. इस दौरान वह भारत-बांग्लादेश सीमा के पास स्थित सिलीगुड़ी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 18वीं बटालियन की बॉर्डर आउटपोस्ट का दौरा करेंगे. इस यात्रा का उद्देश्य सीमा पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था और सीमा प्रबंधन की मौजूदा स्थिति का जायजा लेना भी है.

बीएसएफ जवानों से करेंगे सीधा संवाद

शनिवार सुबह करीब 11 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह बीएसएफ के जवानों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ बातचीत भी करेंगे. इसके अलावा वह ‘प्रहरी सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे, जहां सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. जवानों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जानना और उनकी चुनौतियों को समझना भी इस दौरे का अहम हिस्सा माना जा रहा है.

इसी कार्यक्रम के दौरान अमित शाह पौधारोपण अभियान में हिस्सा लेंगे. साथ ही बीएसएफ से जुड़े कई नए इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास भी करेंगे. इन परियोजनाओं का उद्देश्य सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा जवानों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

सीमा सुरक्षा पर होगी उच्च-स्तरीय समीक्षा

जुमागाछ में कार्यक्रम पूरा करने के बाद गृह मंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे सिलीगुड़ी के उत्तरकन्या ऑडिटोरियम पहुंचेंगे. यहां वह एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें पश्चिम बंगाल में सीमा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की जाएगी.

इस बैठक में खास तौर पर उत्तर बंगाल के सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा होने की उम्मीद है. रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम सिलीगुड़ी कॉरिडोर, जिसे आम बोलचाल में ‘चिकन्स नेक’ कहा जाता है, भी समीक्षा का प्रमुख विषय रहेगा. यह इलाका देश के पूर्वोत्तर राज्यों को भारत के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण गलियारा माना जाता है, इसलिए इसकी सुरक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी जाती है.

कानून-व्यवस्था पर रहेगा पूरा फोकस

रविवार को गृह मंत्री का ध्यान पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर रहेगा. वह राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इस बैठक में दक्षिण बंगाल के सभी सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षक और जिला मजिस्ट्रेट भी शामिल होंगे. बैठक में सुरक्षा चुनौतियों, प्रशासनिक तैयारियों और सीमावर्ती क्षेत्रों में समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी.


ये भी पढ़ें: इतिहास के नए दौर में भारत: प्राइवेट रॉकेट विक्रम-1 सफलतापूर्वक लॉन्च, अंतरिक्ष क्षेत्र में बड़ी छलांग


कोलकाता में करेंगे दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम

कोलकाता प्रवास के दौरान अमित शाह नेशनल लाइब्रेरी में नवनिर्मित ‘वर्ल्ड म्यूजियम’ का उद्घाटन भी करेंगे. इसके अलावा वह अमूल बंगाल डेयरी के नए दही निर्माण संयंत्र की आधारशिला रखेंगे. माना जा रहा है कि इस परियोजना से राज्य में डेयरी क्षेत्र को नई गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital