Amit Shah Bengal Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) आज (बुधवार) पश्चिम बंगाल के एक दिवसीय दौरे पर हैं. सियासत से दूर, उनका यह दौरा पूरी तरह से धार्मिक और आध्यात्मिक है. शाह नदिया जिले में स्थित अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (ISKCON) के वैश्विक मुख्यालय मायापुर पहुंच रहे हैं. वे यहां श्री चैतन्य महाप्रभु के अनुयायी और गौड़ीय मठ के संस्थापक श्रीला भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर की 152वीं जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे.
क्या है पूरा शेड्यूल?
- दोपहर 1:35 बजे: गृह मंत्री विशेष विमान से कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरेंगे.
- हेलीकॉप्टर यात्रा: यहां से वे बीएसएफ (BSF) के हेलीकॉप्टर से सीधे नदिया जिले के मायापुर के लिए रवाना होंगे.
- दोपहर 2:25 से 4:25 बजे: अमित शाह इस्कॉन मंदिर परिसर में लगभग दो घंटे बिताएंगे.
- वापसी: कार्यक्रम के बाद वे शाम को कोलकाता एयरपोर्ट लौटेंगे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.
शंख भवन से पद्म भवन तक
मंदिर में अमित शाह का कार्यक्रम बेहद व्यस्त और भक्तिमय रहने वाला है. वे सबसे पहले इस्कॉन के शंख भवन और फिर पद्म भवन का दौरा करेंगे. सूत्रों के मुताबिक, संतों के साथ उनकी एक विशेष बैठक होने की भी संभावना है. गृह मंत्री इस्कॉन के संस्थापक एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. मुख्य समारोह से पहले वे भगवान नरसिंह, चैतन्य महाप्रभु और राधा-माधव के मंदिरों में विशेष पूजा और आरती में शामिल होंगे.
सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए नदिया जिला प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट (High Alert) पर है. मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इस्कॉन पार्किंग ग्राउंड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों और धार्मिक नेताओं के जुटने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: मुंबई में इमैनुएल मैक्रों का ‘नाइट आउट’, देर रात CST स्टेशन निहारा; चौंक क्यों गए लोग?
गौरतलब है कि इससे पहले 31 जनवरी को शाह ने बंगाल में राजनीतिक रैलियां की थीं, लेकिन आज के कार्यक्रम में भाजपा की किसी भी राजनीतिक बैठक या कार्यकर्ता सम्मेलन का जिक्र नहीं है. यह दौरा पूरी तरह ‘भक्ति’ को समर्पित है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



