देश में इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल यानी E20 पेट्रोल को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं. विरोध मार्च और ‘नेशनल टाउन हॉल’ के बाद अब केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक चुटकुला सुनाकर सरकार पर अनोखे अंदाज में निशाना साधा है.
शेर, कुत्ता और ‘मोदी जी की पुलिस’: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक वीडियो शेयर किया. उन्होंने लिखा, ‘देश में E20 कैसे लागू किया जा रहा है, आइए इसे एक चुटकुले से समझते हैं.’
हमारे देश में E 20 कैसे लागू किया जा रहा है, आइए मैं आपको एक चुटकुले से समझाता हूँ। pic.twitter.com/k740m5K7sD
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) August 9, 2026
वीडियो में केजरीवाल कहते हैं कि अमेरिका, रूस और भारत की पुलिस के बीच जंगल से शेर ढूंढने की प्रतियोगिता हुई. अमेरिका की पुलिस 24 घंटे में और रूस की पुलिस 1 घंटे में शेर ढूंढ लाई. लेकिन जब भारत की पुलिस गई, तो तीन दिन तक नहीं लौटी. जब लोग जंगल पहुंचे, तो देखा कि पुलिस एक कुत्ते को बुरी तरह पीटते हुए कह रही थी ‘बोल मैं शेर हूं!’ केजरीवाल ने इसी बात को देश के हालात से जोड़ते हुए कहा कि सरकार आज 140 करोड़ लोगों को जबरन पीटकर कह रही है कि बोल E20 सही है.
केजरीवाल की 3 बड़ी मांगे
केजरीवाल पिछले कुछ हफ्तों से E20 पेट्रोल के खिलाफ मुहिम चला रहे हैं. नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित ‘नेशनल टाउन हॉल’ में उन्होंने दावा किया था कि E20 पेट्रोल से गाड़ियों का माइलेज घट रहा है और इंजनों के पार्ट्स खराब हो रहे हैं.
उन्होंने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं:
- विकल्प मिले: देश के हर पेट्रोल पंप पर E20 के साथ शुद्ध (प्योर) पेट्रोल उपलब्ध कराया जाए.
- कम हो कीमत: इथेनॉल मिले E20 पेट्रोल की कीमत शुद्ध पेट्रोल से काफी कम हो.
- दाम घटे: देश में पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम की जाए.
यह भी पढ़ें: सौरभ भारद्वाज की बढ़ी मुश्किलें, राउज एवेन्यू कोर्ट ने आपराधिक मानहानि मामले में जारी किया नोटिस
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
