Bharat Express DD Free Dish

बांकीपुर में चमकेगा ‘बस्ता’! प्रशांत किशोर की अग्निपरीक्षा, दतिया और मंजलपुर में भी वोटिंग शुरू

Assembly Bypolls 2026: बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. जानिए प्रमुख उम्मीदवार, सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव से जुड़ी हर अहम जानकारी.

Bankipur Bypoll

Assembly Bypolls 2026: बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन अहम विधानसभा सीटों पर गुरुवार (30 जुलाई) सुबह से मतदान शुरू हो गया. बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मंजलपुर विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं. चुनाव आयोग ने इन तीनों सीटों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. प्रशासन का दावा है कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है.

बांकीपुर में त्रिकोणी लड़ाई

सबसे ज्यादा चर्चा बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट की हो रही है. यहां भारतीय जनता पार्टी ने अपने युवा नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सूरज पार्टी ने प्रशांत किशोर को मैदान में उतारा है. राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता पर दांव लगाया है, जिससे इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प हो गया है. यह सीट उस समय खाली हुई थी जब पांच बार के विधायक नितिन नवीन अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए थे.

दतिया में चर्चित मुकाबला

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भाजपा ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. वहीं कांग्रेस ने अनुभवी नेता कुंवर घनश्याम सिंह को एक बार फिर मैदान में उतारा है, जो इस सीट से सातवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं. दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की अयोग्यता के बाद खाली हुई थी. बैंक घोटाले के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत अयोग्य घोषित कर दिया गया था.

मंजलपुर में बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने

गुजरात के वडोदरा स्थित मंजलपुर विधानसभा क्षेत्र में भी मतदान जारी है. यह सीट भाजपा के वरिष्ठ विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी. भाजपा ने यहां सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा है. इस सीट पर सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है.


ये भी पढ़ें: लोकसभा में बहस के बाद राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस: गृहमंत्री पर लगाए गंभीर आरोप; कहा- संसद में मुझे ये बातें बोलने नहीं दीं


चुनाव आयोग का कहना है कि मतदान पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जा रहा है. संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है. अब मतदान समाप्त होने के बाद सभी की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी रहेंगी, जो तय करेंगे कि इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में जनता ने किस उम्मीदवार पर अपना भरोसा जताया है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read