Ayodhya Deepotsav 2025: आज अयोध्या पूरी तरह से दिव्य और भव्य रूप में सजी हुई है. रामनगरी दुल्हन की तरह सजाई गई है क्योंकि यहां 9वां दीपोत्सव मनाया जा रहा है. सरयू तट पर बने 56 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीप जलाए जा रहे हैं जो एक नया कीर्तिमान स्थापित करने की ओर बढ़ रहे हैं. राम की पैड़ी से लेकर रामकथा पार्क तक हर जगह दीपों की रौशनी और जय श्रीराम के उद्घोष से माहौल भक्तिमय हो गया है.
सीएम ने की आयोजन की शुरुआत
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन की शुरुआत रामकथा पार्क हेलीपैड पर की, जहां उन्होंने पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से आए राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूपों की अगवानी की. यह दृश्य श्रद्धा और संस्कृति का अद्भुत संगम था.
इसके बाद राम जानकी की वंदना और भरत मिलाप का आयोजन हुआ, जिसने रामायण की भावनाओं को जीवंत कर दिया. रामकथा पार्क के मंच पर सीएम योगी ने श्रीराम का राजतिलक किया. इस दौरान पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा. उन्होंने श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और गुरु वशिष्ठ का तिलक कर माल्यार्पण किया और आरती उतारी.
ये भी पढ़ें-अयोध्या दीपोत्सव में डिप्टी सीएमों की गैरमौजूदगी से सियासी हलचल, क्या है पूरा मामला?
रामलला के किए दर्शन
दीपोत्सव के इस शुभ अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन भी किए. अयोध्या में इस आयोजन को देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचे हैं. दीपों की रौशनी, भक्ति की भावना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अयोध्या को एक बार फिर रामराज्य की अनुभूति करा दी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


