Badariya Monsoon Festival 2026
Badariya Monsoon Farewell Festival 2026: मानसून की रिमझिम फुहारों को अलविदा कहने और भारतीय लोक परंपराओं के रंग बिखेरने के लिए राजधानी दिल्ली एक बार फिर तैयार है. ‘माता चकेरी देवी फाउंडेशन’ और दिल्ली सरकार की मैथिली-भोजपुरी अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में ‘बदरिया: एक मानसून विदाई महोत्सव 2026’ का भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है.
यह सांस्कृतिक संध्या सोमवार, 31 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित टॉकटोरा इनडोर स्टेडियम में शाम 5:00 बजे से शुरू होगी. इस महोत्सव के संरक्षक (ट्रस्टी) ‘भारत एक्सप्रेस’ के सीएमडी एवं एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय हैं.
देश के नामचीन कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू
मानसून की विदाई के इस पावन अवसर पर भारतीय लोक संगीत, कजरी, पूर्वांचल के पारंपरिक गीतों और शास्त्रीय रागों की सुरमई प्रस्तुतियां होंगी. कार्यक्रम में देश भर के 20 से अधिक दिग्गज कलाकार शिरकत करेंगे.
लोक गायिका मालिनी अवस्थी अपनी प्रसिद्ध ठुमरी, कजरी और लोक धुनों से समां बांधेंगी. प्रिया मल्लिक, चंदन तिवारी, आराधना सिंह, समृद्धि पाठक और सांत्वनी पाठक जैसे प्रख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे.
कजरी और लोकगीतों के अलावा बारिश की खूबसूरती को दर्शाते मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य और शास्त्रीय रागों की जुगलबंदी देखने को मिलेगी.
पारंपरिक व्यंजन और कला प्रदर्शनी भी होगी खास
‘बदरिया’ केवल संगीत का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय विरासत को सहेजने का एक जरिया है. स्टेडियम परिसर में मानसून के विशेष पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल, चाय काउंटर और लोक कला प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इसके अलावा, कला, संस्कृति और समाज कल्याण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा.
निःशुल्क प्रवेश, लेकिन पंजीकरण अनिवार्य
अगर आप भी इस संगीतमय शाम का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो बता दें कि कार्यक्रम में सभी आम और खास दर्शकों के लिए प्रवेश बिल्कुल निःशुल्क रखा गया है.

वहीं, स्टेडियम में सीटें सीमित होने के कारण पहले से बुकिंग करना जरूरी है. आप ‘माता चकेरी देवी फाउंडेशन’ की आधिकारिक वेबसाइट या BookMyShow और District.in से अपना फ्री पास रिजर्व कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: मोहन भागवत के मुरीद हुए इकबाल अंसारी, बाबरी केस के पूर्व वादी ने किया RSS प्रमुख का समर्थन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
