Bharat Express DD Free Dish

बाड़मेर में छह बच्चों की मां के साथ भाग रहे युवक की पीट-पीटकर हत्या, तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध

Barmer Murder Case: राजस्थान के बाड़मेर जिले में शुक्रवार सुबह एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार मृतक युवक का एक विवाहित महिला से पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों गांव से साथ निकल रहे थे. इसी दौरान महिला के ससुराल पक्ष के कुछ लोगों ने उन्हें देख लिया था.

Barmer Murder Case

रिपोर्ट – दुर्ग सिंह बाड़मेर


Barmer Murder Case: राजस्थान के बाड़मेर जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार मृतक युवक का एक विवाहित महिला से पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था. महिला छह बच्चों की मां है और बताया जा रहा है कि दोनों घर छोड़कर साथ जाने की योजना बना चुके थे. इसी दौरान महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने दोनों को देख लिया और युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए.

ग्रामीण थाना प्रभारी विक्रम चारण ने बताया कि मृतक की पहचान चौहटन थाना क्षेत्र के सांवलोर निवासी 25 वर्षीय मागाराम के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार मागाराम शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे टैक्सी से महिला के गांव पहुंचा था. उस समय महिला का पति किसी काम से बाड़मेर गया हुआ था और महिला अपने छह बच्चों के साथ घर पर अकेली थी.

गांव से भाग रहे थे ससुरालियों ने देख लिया

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गांव से साथ निकल रहे थे. इसी दौरान महिला के ससुराल पक्ष के कुछ लोगों ने उन्हें देख लिया. आरोप है कि उन्होंने दोनों को रोक लिया और मागाराम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक खुद को बचाने के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन हमलावरों ने उसकी बेरहमी से पिटाई जारी रखी. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

वारदात के बाद हमलावर हुए फरार

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि महिला वापस अपने घर लौट गई. कुछ समय बाद जब महिला का पति बाड़मेर से वापस गांव पहुंचा तो उसे घर के पास युवक का शव पड़ा मिला. इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है.

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि मागाराम और महिला के बीच लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे. दोनों की पहचान महिला के गांव के पास रहने वाली मृतक की बहन के घर आने-जाने के दौरान हुई थी. समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ भागने की योजना बनाई थी.

सभी पहलुओं की जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं. मृतक के परिजनों की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- राजस्थान में घी के मालपुए नहीं बनाए तो पूरे गांव ने कर दिया बहिष्कार, हुक्का-पानी बंद होने से परिवार परेशान

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की परिस्थितियों एवं आरोपियों की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा. पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read