Bharat Express DD Free Dish

बेगूसराय में युवक की हत्या, अपराधियों ने घर से बुलाकर मारी गोली

Bihar News: बेगूसराय के सिंघौल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने युवक को घर से बुलाकर गोली मार दी. शव मकई के खेत में मिला, इलाके में दहशत का माहौल.

Bihar News: बेगूसराय में अपराधियों ने एक बार फिर अपनी दबंगई दिखाते हुए एक युवक को मौत के घाट उतार दिया. घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के रचियाही कचहरी टोल के पास की बताई जा रही है. मृतक की पहचान मिंटू कुमार के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय गणेश महतो का बेटा था और इसी इलाके का रहने वाला था.

कैसे हुई वारदात?

परिजनों के अनुसार, देर रात कुछ लोग मिंटू को उसके घर से बुलाकर ले गए. थोड़ी देर बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई और शव को मकई के खेत में फेंक दिया गया. सुबह जब परिजन खोजबीन करते हुए खेत तक पहुंचे, तो वहां मिंटू का शव मिला.

पुरानी रंजिश का मामला

परिवार का आरोप है कि यह हत्या पुरानी दुश्मनी का नतीजा है. इससे पहले मिंटू के भाई की भी अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. उस मामले में समझौता करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन परिवार ने झुकने से इनकार कर दिया. इसी वजह से अपराधियों ने मिंटू को निशाना बनाया.

पुलिस की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

ये भी पढ़ें-जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का पीएम मोदी कल करेंगे उद्घाटन, जानें इस हवाई अड्डे से दिल्ली NCR की कैसे बदल जाएगी तस्वीर?

इलाके में दहशत

लगातार हो रही हत्याओं ने बेगूसराय में लोगों को डरा दिया है. महज दो दिनों में तीन हत्याओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गांव में तनाव का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी अपराधियों को पकड़ पाती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read