Bharat Express DD Free Dish

प्रशांत किशोर हाजिर हों..! अब PK को देना होगा हिसाब, बेतिया कोर्ट ने क्यों किया तलब?

Prashant Kishor Court Summons: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर मानहानि केस में फंस गए हैं. बेतिया कोर्ट ने BJP सांसद डॉ. संजय जायसवाल की छवि धूमिल करने के आरोप में PK को अपना पक्ष रखने के लिए हाजिर होने का आदेश दिया है.

Prashant Kishor Court Summons

Prashant Kishor Court Summons: बेतिया/जितेंद्र कुमार: बिहार के पश्चिम चंपारण (बेतिया) की राजनीति में उस वक्त एक बड़ा सियासी विस्फोट हो गया, जब बेतिया व्यवहार न्यायालय ने ‘जन सुराज’ (Jan Suraaj) के सूत्रधार प्रशांत किशोर को सीधे कोर्ट में हाजिर होने का आदेश थमा दिया. यह पूरा मामला भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता और बेतिया से 4 बार के सांसद डॉ. संजय जायसवाल की छवि धूमिल करने (मानहानि) से जुड़ा है. न्यायालय ने गवाहों के शपथ पत्र और बयानों को सुनने के बाद अब इस हाई-प्रोफाइल केस में प्रशांत किशोर को अपना पक्ष रखने के लिए तलब कर लिया है.

‘टूटपुंजिया नेता’ और पेट्रोल पंप का विवाद (Sanjay Jaiswal vs Prashant Kishor)

सांसद संजय जायसवाल की तरफ से दायर इस मानहानि वाद में आरोप लगाया गया है कि प्रशांत किशोर ने जानबूझकर सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया के जरिए उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को बर्बाद करने की कोशिश की है. अदालत में पेश एक गवाह ने शपथ लेकर बताया कि 26 अगस्त 2025 को कुरिया कोठी के पास प्रशांत किशोर की एक सभा चल रही थी.

गवाह के मुताबिक, इसी सभा में प्रशांत किशोर ने लोकसभा में मुख्य सचेतक डॉ. संजय जायसवाल को सरेआम “टूटपुंजिया नेता” कह डाला. बात यहीं नहीं रुकी, PK पर आरोप है कि उन्होंने दावा किया कि सांसद ने अपने खुद के पेट्रोल पंप को फायदा पहुंचाने के लिए छावनी ओवरब्रिज का एलाइनमेंट ही बदलवा दिया था.

ये भी पढ़ें: 8+10+11+11=4! क्या है TMC में बगावत का 40 बराबर 4 का गणित? 20 में आई 19 की लिस्ट

‘तेल चोर’ का आरोप पड़ा भारी (Defamation Case Prashant Kishor)

गवाह ने न्यायालय को यह भी बताया कि 13 सितंबर 2025 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद महोदय को “तेल चोर” तक कह दिया गया और उन पर नगर निगम के तेल बिल में घोटाले का सनसनीखेज आरोप मढ़ दिया गया. इसके बाद 19 सितंबर 2025 को यही आरोप जन सुराज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी दोहराए गए. गवाह ने अपने दावों को पुख्ता करने के लिए अदालत में न्यूज़ चैनल्स के प्रकाशित दस्तावेज़ भी साक्ष्य के तौर पर पेश कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें: PoK में ‘एंटी-मुनीर’ मार्च: कांप गया इस्लामाबाद, घाटी में होगा तख्तापलट?

अब PK को देना होगा हिसाब (Prashant Kishor Bettiah court summon)

सुनवाई के दौरान अदालत ने गवाह से कई तीखे सवाल भी पूछे और उसकी गवाही दर्ज की. अब कोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए दूसरे पक्ष को सुनना ज़रूरी समझा है. यही वजह है कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर को अदालत के सामने अपना जवाब पेश करने के लिए बुलाया गया है. अब पूरे बिहार की नज़रें इस केस की अगली सुनवाई पर टिकी हैं कि प्रशांत किशोर बेतिया कोर्ट में अपने बचाव में क्या दलीलें पेश करते हैं और अदालत का अगला रुख क्या होता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read