Bharat Express DD Free Dish

कूड़े के ढेर में मिला 10 साल के मासूम का शव, भागलपुर में सनसनी; बेगुनाह का हत्यारा कौन है?

Bhagalpur Crime News: बिहार के भागलपुर जिले के नाथनगर में नगर निगम के कूड़े वाले ठेले से 10 वर्षीय मोहम्मद शमीर का शव बरामद हुआ है. परिजनों ने हत्या कर साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया है. सिटी डीएसपी राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस जांच कर रही है.

Bhagalpur Dead Body In Garbage

AI Photo

Bhagalpur Crime News: भागलपुर/अंजनी कुमार कश्यप: बिहार के भागलपुर जिले से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ललमटिया स्थित श्री चंपापुर दिगंबर जैन मंदिर के पास नगर निगम के कूड़ा ढोने वाले ठेले में एक 10 वर्षीय मासूम का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

मृतक बच्चे की पहचान मोहम्मद इजहार के 10 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शमीर के रूप में हुई है. सुबह-सुबह जैसे ही सफाईकर्मी कूड़ा उठाने पहुंचे, उनकी नजर ठेले में पड़े बच्चे के शव पर पड़ी. इस दर्दनाक खबर के फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में कोहराम मच गया.

हत्या कर फेंका शव (Bhagalpur Dead Body In Garbage)

मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि अज्ञात अपराधियों ने पहले बच्चे की बेरहमी से हत्या की और फिर साक्ष्य (Evidence) छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को कूड़े के ठेले में फेंक दिया. गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और इंसाफ की मांग को लेकर मौके पर जमकर हंगामा किया. परिजनों का रोते हुए बस यही कहना था, “हमारे बच्चे को इंसाफ चाहिए, दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले.”

CCTV की हो रही जांच

स्थिति की गंभीरता और लोगों के आक्रोश को देखते हुए नाथनगर सहित कई थानों की पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले को शांत कराने का प्रयास किया.

भागलपुर के सिटी डीएसपी राकेश कुमार (Bhagalpur City DSP Rakesh Kumar) ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर एंगल से इस संवेदनशील मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वारदात की कड़ियों को जोड़ने के लिए आसपास लगे सभी CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. सिटी डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि हर एंगल से जांच की जा रही है, जल्द ही सच्चाई सामने आएगी.

ये भी पढ़ें: जशपुर में प्लेन क्रैश: पहाड़ से टकराया फिर हुआ भयानक धमाके, दोनों पायलट की मौत

बेगुनाह का हत्यारा कौन है?

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कातिलों तक पहुंचने का दावा कर रही है. लेकिन इस खौफनाक घटना के बाद पूरे ललमटिया इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोगों में एक अनजाना डर बैठ गया है. इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर 10 साल के एक बेगुनाह मासूम का हत्यारा कौन है? और वह कूड़े के ठेले तक कैसे पहुंचा? अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की तफ्तीश पर टिकी हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read