Weather Update: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. अगले कुछ दिनों में 17 राज्यों में आंधी-तूफान और तेज बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. अंडमान-निकोबार और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
मानसून की रफ्तार
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में अनुकूल परिस्थितियों के चलते मानसून धीरे-धीरे उत्तर और पूर्व की ओर बढ़ रहा है. अगले 12 घंटों में अंडमान-निकोबार में इसका असर साफ दिखेगा. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक लू चलने का अलर्ट है. तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. तेज गर्म हवाएं 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी. आज आसमान साफ रहेगा और गर्मी का असर ज्यादा महसूस होगा.
उत्तर प्रदेश का हाल
पश्चिमी और पूर्वी यूपी में अगले पांच दिनों तक भीषण लू का असर रहेगा. लखनऊ में तापमान 46 डिग्री तक जा सकता है. कानपुर, वाराणसी, आगरा, गोरखपुर, बांदा और प्रयागराज में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी.
बिहार में बारिश का असर
बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. पटना में गर्मी के साथ हल्के बादल छाए रहेंगे. गया में हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जबकि मुजफ्फरपुर में उमस और धूप का असर रहेगा.
राजस्थान में गर्मी
पूर्वी राजस्थान में गर्म रातों का अलर्ट है. जयपुर में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है. जोधपुर, बीकानेर, कोटा और उदयपुर में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं भीषण गर्मी का एहसास कराएंगी.
हिमाचल प्रदेश में बारिश
हिमाचल प्रदेश में 21 से 23 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. शिमला, मनाली, मंडी, कुल्लू, धर्मशाला और चंबा में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.
झारखंड में मौसम का बदलाव
रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और देवघर में अगले 12 घंटों में मौसम बदल सकता है. 26 मई तक झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. 23 और 24 मई को आंधी का अलर्ट भी जारी किया गया है.
उत्तराखंड में बारिश की संभावना
देहरादून में आज बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है. नैनीताल और चमोली में भी यही स्थिति रहेगी. 22 और 23 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है.
ये भी पढ़ें-कांग्रेस को तमिलनाडु सरकार में जगह, 59 साल बाद सत्ता में वापसी
जम्मू-कश्मीर में आंधी
जम्मू-कश्मीर में अगले 48 घंटों में तेज आंधी चलने का अलर्ट है. हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. श्रीनगर, जम्मू, पुंछ, अनंतनाग, बारामूला और उधमपुर में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




