Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

सेंथिल बालाजी कैश-फॉर-जॉब घोटाला मामला, सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक प्रभाव पर जताई चिंता

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी के कैश-फॉर-जॉब घोटाले में राजनीतिक हस्तक्षेप पर चिंता जताई है. कोर्ट ने सभी आरोपियों और गवाहों का ब्योरा मांगा है.

Supreme Court

तमिलनाडु के बहुचर्चित ‘कैश-फॉर-जॉब’ (नौकरी के बदले नोट) घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आपराधिक न्याय प्रणाली में राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर गहरी चिंता जताई है.

शीर्ष अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि आपराधिक न्याय प्रणाली की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि राजनीतिक कार्यपालिका (सरकार) के बदलते ही अभियोजन (Prosecution) का स्वरूप और रवैया भी पूरी तरह बदल जाता है. अदालत ने इस मामले में अब 11 दिसंबर को अगली सुनवाई तय की है, साथ ही निचली अदालत को निर्देश दिया है कि वह इन मामलों की सुनवाई 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह की किसी तारीख तक के लिए स्थगित रखे.

सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि एक सरकार मामले को सालों तक टालती रहती है, तो दूसरी सरकार आने पर उसमें अचानक अत्यधिक जल्दबाजी दिखाई जाने लगती है. कोर्ट ने नसीहत दी कि अभियोजन की प्रक्रिया में कुछ तो समझदारी और निरंतरता होनी चाहिए.

कोर्ट ने यह भी याद दिलाया कि यदि समय पर न्यायिक हस्तक्षेप न हुआ होता, तो अनिच्छुक राज्य प्रशासन इस घोटाले में पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी से जुड़े मामलों को चुपचाप और ‘गरिमापूर्ण ढंग’ से समाप्त कर देना चाहता था.

क्रिकेट स्टेडियम की पड़ेगी जरूरत

इससे पहले की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में 2,000 से अधिक लोगों को आरोपी बनाए जाने और ट्रायल में हो रही देरी पर तमिलनाडु सरकार को कड़ी फटकार लगाई थी. अदालत ने कहा था कि जब शक्तिशाली मंत्री और धनी आरोपी शामिल हों, तो यह आशंका रहती है कि सरकारी वकील निष्पक्ष न्याय नहीं कर पाएंगे.

जस्टिस सूर्यकांत ने टिप्पणी की थी कि 2,000 से ज्यादा आरोपियों और 500 गवाहों के साथ यह देश का सबसे अधिक भीड़भाड़ वाला मुकदमा होगा. ऐसे में एक छोटा कोर्टरूम पर्याप्त नहीं होगा और सभी आरोपियों की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए एक क्रिकेट स्टेडियम की जरूरत पड़ेगी.

आरोपियों और गवाहों का ब्योरा तलब

सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार से इस मामले में शामिल सभी आरोपियों और गवाहों का विस्तृत ब्योरा मांगा है. सुनवाई के दौरान बालाजी की ओर से पेश वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायण ने भी इसी भीड़भाड़ का जिक्र करते हुए कहा था कि पेशी के समय स्थिति को संभालना बेहद कठिन होगा.

ये भी पढ़ें: सब ठीक था लेकिन..! अनंत सिंह की बेटी की शादी में ये क्या हुआ? घुड़दौड़ रुकी, सांप निकला

मंत्री पद और जमानत विवाद

गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने सेंथिल बालाजी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि वे मंत्री पद नहीं छोड़ते हैं, तो उनकी जमानत रद्द कर दी जाएगी. अदालत ने इस बात पर गंभीर आपत्ति जताई थी कि जमानत मिलने के तुरंत बाद उन्हें फिर से कैबिनेट में सीनियर मंत्री बना दिया गया, जिससे मामले के गवाहों पर दबाव पड़ सकता है और निष्पक्ष ट्रायल प्रभावित हो सकता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism