Country's first female fighter combat leader
IAF History:मनोज चौबे/ग्वालियर: भारतीय वायुसेना (IAF) में नारी शक्ति का परचम एक बार फिर बुलंद हुआ है. वायुसेना की जांबाज अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने इतिहास रचते हुए देश की पहली महिला फाइटर कॉम्बैट लीडर (FCL) बनने का गौरव हासिल किया है. मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित प्रतिष्ठित संस्थान TACDE से इस कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा कर उन्होंने साबित कर दिया है कि भारतीय महिलाएं आसमान की हर बुलंदी को छूने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने ग्वालियर के TACDE से अत्यंत कठिन ‘फाइटर कॉम्बैट लीडर’ (FCL) कोर्स पूरा कर इतिहास रच दिया है. वह भारतीय वायुसेना की पहली महिला FCL बन गई हैं. वायुसेना ने सोशल मीडिया पर उनकी इस उपलब्धि को ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण बताते हुए सराहा है, जो देश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है.
ग्वालियर में हासिल की यह ऐतिहासिक उपलब्धि (Bhawana Kanth FCL)
स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने ग्वालियर स्थित टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (TACDE) में ‘फाइटर कॉम्बैट लीडर’ (FCL) कोर्स को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया. वायुसेना में इस कोर्स को सबसे कठिन और प्रतिष्ठित माना जाता है, जहां लड़ाकू पायलटों को हवाई युद्ध की जटिल रणनीतियों, रणनीति निर्माण और युद्ध क्षेत्र में नेतृत्व करने का गहन प्रशिक्षण दिया जाता है.
सोशल मीडिया हैंडल से उपलब्धि की जानकारी साझा की (First Woman Fighter Combat Leader)
भारतीय वायुसेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए भावना कंठ को बधाई दी. वायुसेना ने इस क्षण को बेहद गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक करार दिया. भावना कंठ की यह सफलता न केवल वायुसेना के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है.
भावना कंठ भारत की उन शुरुआती महिला फाइटर पायलटों में से एक हैं जिन्होंने देश का मान बढ़ाया है. उनकी यह नई उपलब्धि भारतीय सशस्त्र बलों में महिलाओं की लगातार बढ़ रही अग्रणी भूमिका और सामर्थ्य का एक जीवंत और बेहतरीन उदाहरण है.
यह भी पढ़ें-गेमिंग और लोन के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा, नवादा पुलिस ने ऐसे किया पर्दाफाश
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


