Bharat Express DD Free Dish

बिहार चुनाव: नवरात्र में पीएम मोदी का मास्टरस्ट्रोक, महिला वोटबैंक को लेकर साफ है संदेश

Bihar Assembly Election 2025: बिहार में विधासभा चुनाव होने हैं इससे पहले बीजेपी और NDA ने अपना पूरा प्लान तैयार कर लिया है. नवरात्री के बीच में पीएम मोदी, नीतीश कुमार के जन उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत कर रहे हैं.

Bihar Assembly Election 2025 Women Vote Bank PM Modi Mahila Rojgar Yojana

बिहार की महिलाओं के लिए खास योजना

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही एनडीए ने महिला मतदाताओं पर फोकस बढ़ा दिया है. इसी रणनीति के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 सितंबर को सुबह 11 बजे वर्चुअली ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का शुभारंभ करेंगे. इस योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. प्रारंभिक अनुदान 10,000 रुपये दिया जाएगा. आगामी चरणों में 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दिए जाने का प्लान है.

गांव-गांव उत्सव जैसा माहौल

सरकार का कहना है कि अब तक इस योजना के लिए 1.11 करोड़ से अधिक आवेदन मिले हैं. ग्रामीण महिलाओं की संख्या सबसे अधिक है. कार्यक्रम को उत्सव की तरह गांव-गांव में मनाने की तैयारी है. राज्य स्तर से लेकर सभी 38 ज़िलों, 534 प्रखंडों और 70 हज़ार से अधिक ग्राम संगठनों तक सीधा प्रसारण होगा.

इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोज़गार एवं आजीविका के अवसरों के माध्यम से उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है. यह योजना सार्वभौमिक प्रकृति की है, जिसके अंतर्गत राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपनी पसंद का रोज़गार या आजीविका गतिविधियां शुरू कर सकेंगी.

ये भी पढ़ें: बिहार का ‘जन उत्सव’! पीएम मोदी देंगे ‘महिला रोजगार योजना’ की सौगात; कितनी है खास?

नवरात्र पर लॉन्चिंग, राजनीतिक संदेश साफ

योजना की शुरुआत नवरात्र की पंचमी के मौके पर की जा रही है, जिसे आस्था और महिला सशक्तिकरण से जोड़कर देखा जा रहा है. सवाल यह है कि क्या 10 हज़ार रुपये की पहली किस्त और आगे मिलने वाले लाभ से एनडीए को महिलाओं का निर्णायक समर्थन मिल पाएगा? बीजेपी का कहना है कि बिहार की राजनीति में महिलाएं अब जीत की कुंजी बन चुकी हैं और इसी वजह से महिला कार्यकर्ता टोली घर-घर जाकर प्रचार कर रही है. जाहिर है आगामी चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) में इसका लाभ लिया जाएगा.

रणनीति को धार देंगे अमित शाह

उधर, चुनावी (Bihar Assembly Election 2025) समीकरण को मज़बूत करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी सक्रिय हो गए हैं. 26 और 27 सितंबर को उनका बिहार दौरा तय है. अररिया, सारण और वैशाली में बैठकों के दौरान वे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे. यह 10 दिनों में शाह का दूसरा बिहार दौरा होगा, जो बताता है कि महिला वोट बैंक को साधने की कवायद एनडीए नेतृत्व के लिए कितनी अहम है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read