Bharat Express DD Free Dish

बिहार के सहरसा में ‘जहरीला’ हुआ निवाला; स्कूल के मिड-डे मील से 250 बच्चों की बिगड़ी तबीयत

बिहार के सहरसा जिले के बलुआहा स्कूल में मिड-डे मील खाने से 250 से ज्यादा बच्चे फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. खाने में सांप का बच्चा मिलने की खबर से बच्चों में दहशत फैल गई, जिसके बाद उन्हें उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई.

Bihar 250 children fall ill after Mid-Day Meal in Saharsa, snake suspected in food

बिहार के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. सहरसा जिले के महिषी प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में गुरुवार को मिड-डे मील का भोजन करने के बाद एक-दो नहीं, बल्कि 250 से अधिक बच्चे एक साथ बीमार पड़ गए. आनन-फानन में बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जिससे पूरे इलाके में चीख-पुकार और हड़कंप मच गया.

खाने में ‘सांप का बच्चा’

हैरान कर देने वाली बात ये है कि स्कूल के बच्चों और स्थानीय लोगों के बीच ये चर्चा आग की तरह फैल गई कि दोपहर के खाने (चावल-दाल) में सांप का बच्चा मिला था. जैसे ही बच्चों ने खाना खाया, वैसे ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. बच्चों को तेज पेट दर्द, लगातार उल्टी, चक्कर आना और घबराहट की शिकायत होने लगी. स्कूल परिसर देखते ही देखते अस्पताल के वार्ड जैसा दिखने लगा.

अस्पताल में जगह पड़ी कम

तबीयत बिगड़ते ही बच्चों को तुरंत महिषी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. लेकिन बीमार बच्चों की संख्या इतनी अधिक थी कि स्वास्थ्य केंद्र में पैर रखने की जगह नहीं बची. डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई गंभीर बच्चों को तुरंत सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया है. महिषी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की पूरी टीम बच्चों के इलाज में जुटी हुई है और फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है.

दाल-चावल का ‘मरोड़’

स्कूल में पढ़ने वाले पांचवीं और सातवीं कक्षा के छात्रों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उन्होंने हमेशा की तरह स्कूल में बना दाल-चावल खाया था. लेकिन कुछ ही देर बाद पेट में मरोड़ उठने लगी और जी मिचलाने लगा. कई बच्चों ने बताया कि देखते ही देखते उनके क्लास के दूसरे साथियों को भी उल्टियां होने लगीं, जिससे पूरे स्कूल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

प्रशासन की कार्रवाई

इस घटना के बाद स्कूली बच्चों के माता-पिता और परिजनों में जबरदस्त आक्रोश है. गुस्साए अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहा है. इधर, जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं. खाने के सैंपल को इकट्ठा कर लैब भेज दिया गया है.

वहीं, अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद अगर स्कूल प्रशासन या वेंडर की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: सम्राट चौधरी कैबिनेट का पूरा X-Ray: महिला आरक्षण पर ‘कैंची’, सवर्ण-OBC को बराबर हक

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read