अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया (फाइल फोटो)
पंजाब ड्रग्स केस में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई की है. विजिलेंस की टीम ने शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया (Bikram Manjithia) को गिरफ्तार कर लिया है. विजिलेंस की टीम ने आज (25 जून) सुबह मजीठिया से जुड़े कई ठिकानों पर छापा मारा था. मजीठिया की गिरफ्तारी पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोई कितना भी बड़ा नेता हो बख्शा नहीं जाएगा.
Bikram Majithia ने शेयर किया वीडियो
इससे पहले शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया ने अपने घर हुई रेड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया था, जिसमें उनके और विजिलेंस के अधिकारियों के बीच बहस हो रही है.
बिक्रम मजीठिया (Bikram Majithia) ने वीडियो शेयर कर लिखा, “मैंने आपको बहुत पहले ही बता दिया था कि जब भगवंत मान सरकार को मेरे खिलाफ झूठे ड्रग केस में कुछ नहीं मिला तो अब वे मेरे खिलाफ नया झूठा केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है. आज विजिलेंस के एसएसपी की अगुवाई में टीम ने मेरे यहां छापा मारा है. भगवंत मान ये समझ लीजिए, आप चाहे जितने भी नोटिस दे दीजिए, न तो मैं डरूंगा और न ही आपकी सरकार मेरी आवाज दबा पाएगी.”
उन्होंने पंजाब सरकार पर निशाना साधा और कहा, “भगवंत मान सरकार खुलेआम अन्याय कर रही है. हम न झुके हैं, न झुकेंगे. मैंने हमेशा पंजाब के मुद्दों पर बात की है और आगे भी करता रहूंगा. अब जनता अपना जवाब देगी.”
पंजाब सरकार में रह चुके हैं मंत्री
बता दें कि बिक्रम सिंह मजीठिया (Bikram Majithia) पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हैं. उन्होंने 2007 में मजीठा निर्वाचन क्षेत्र से पंजाब विधानसभा चुनाव जीता और 2012 और 2017 में फिर से जीत हासिल की. हालांकि, मजीठिया ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा था और उन्हें हार मिली थी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


