Bharat Express DD Free Dish

दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी BJP ने तेज किया ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ अभियान, विपक्षी दलों में मचा हो-हल्ला

हरियाणा में कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ’ कार्यक्रमों के जवाब में भाजपा ने ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ अभियान शुरू किया है.

Manohar Lal Khattar
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

हरियाणा में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘संविधान बचाओ’ कार्यक्रमों के जवाब में भाजपा ने ‘हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान’ अभियान को तेज कर दिया है. खासकर भाजपा के दलित नेताओं ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है. इस अभियान के तहत अब तक केंद्रीय बिजली, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खुद रोहतक, कुरुक्षेत्र और नीलोखेड़ी में आयोजित तीन बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुके हैं. अब आने वाले दिनों में प्रदेश के हर जिले में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

इस अभियान की रूपरेखा खुद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के चीफ मीडिया सलाहकार सुदेश कटारिया ने तैयार की है. अब 24 मई को यमुनानगर जिले के बिलासपुर स्थित नीलकंठ पैलेस में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सुदेश कटारिया मुख्य अतिथि होंगे. इस कार्यक्रम में हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष विजेंद्र बडगुर्जर भी शामिल होंगे. कार्यक्रम में भाजपा की ओर से दलित समुदाय के हित में किए गए कार्यों को उजागर किया जाएगा, साथ ही कांग्रेस पर दलित विरोधी राजनीति का आरोप भी लगाया जाएगा.

बिलासपुर कार्यक्रम की तैयारी को लेकर 23 मई को सुदेश कटारिया ने जिले के कई गांवों का दौरा किया. उन्होंने हरिपुर, रसूलपुर, श्रीमारकंडेय-कालाअंब, कप्तान माजरी-सढ़ोरा, रतौली, मारवा, अराईवाला, बिलासपुर, खेड़ी रांगड़ान, मनसापुर और चंगनौली गांवों का भ्रमण कर स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और कार्यक्रम की रूपरेखा तय की.

गौरतलब है कि इससे पहले भी 26 अगस्त 2024 को जन्माष्टमी के अवसर पर कुरुक्षेत्र में एक बड़े समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी शामिल हुए थे.

भाजपा का मानना है कि कांग्रेस संविधान के नाम पर केवल राजनीतिक स्टंट कर रही है, जबकि असली संवैधानिक सम्मान और सामाजिक न्याय की दिशा में काम भाजपा सरकार ने ही किया है. पार्टी का यह अभियान आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में दलित वोट बैंक को साधने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकता है.

ये भी पढ़ें- माननीय प्रधानमंत्री के कर कमलों द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित करछना स्टेशन का लोकार्पण

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read