BJP Protest Against Congress: दिल्ली के खजूरी चौक पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. यह विरोध कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर किया जा रहा है. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारे लगाए और राहुल गांधी का पुतला जलाकर अपना आक्रोश जताया है.
इस प्रदर्शन में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे. मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री को गाली देना और उनकी स्वर्गीय माता जी के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की मानसिकता को उजागर कर रहा है. यह साफ दिखाता है कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान को महत्व नहीं देती है. भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को कांग्रेस की असली सोच से अवगत कराएंगे.’
भगवान राम राहुल गांधी को कभी माफ नहीं करेंगे।
माता सीता कभी राहुल गांधी को माफ नहीं करेंगी।
माता सीता की धरती बिहार से राहुल गांधी ने PM मोदी की स्वर्गीय मां को गाली दी है।
ये देश की हर मां का अपमान है, हर मां आज रो रही है।
: मनोज तिवारी, सांसद, भाजपा pic.twitter.com/R9ii1AsxJw
— Panchjanya (@epanchjanya) September 3, 2025
PM मोदी की मां पर टिप्पणी से देश की हर मां-बहन का अपमान
सांसद मनोज तिवारी, विधायक अजय महावर समेत भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस पर सीधा प्रहार किया है. उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री की माता जी का अपमान केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देशवासियों का अपमान है. जनता ऐसे नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी. भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस की इस घृणित राजनीति का डटकर मुकाबला करेंगे’
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. यू.के. चौधरी ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, राहुल गांधी और उनकी पार्टी को यह समझना चाहिए कि भारत की जनता असभ्य और अमर्यादित व्यवहार को कभी स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने आगे कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में लगा दिया है. उनकी माता जी का अपमान करके कांग्रेस ने सभी मर्यादाओं को तोड़ दिया है. आज का यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस को आईना दिखाने का काम करेगा.’
गौरतलब है कि बीते दिनों कांग्रेस के एक नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर की गई टिप्पणी के बाद से भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराज़गी है. भाजपा का कहना है कि कांग्रेस बार-बार अभद्र भाषा का सहारा लेकर राजनीतिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

