Bihar Elections 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी मामले में राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसी की भी मां को अपशब्द कहना उचित नहीं है और न ही यह भारतीय संस्कारों का हिस्सा है. हम लोग इसके पक्षधर भी नहीं हैं. मां, किसी भी हो मां होती है. मां का नाम लेने से सुकून मिलता है.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं का इतिहास महिलाओं का अपमान करने और विपक्षी नेताओं पर अभद्र टिप्पणी करने से भरा रहा है. प्रज्वल रेवन्ना के प्रचार में खुद पीएम मोदी गए. इससे पहले सोनिया गांधी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया, नीतीश कुमार के डीएनए तक पर सवाल उठाया गया.
भाजपा के विधायक ने सदन में मुझे अपशब्द कहे
तेजस्वी यादव ने कहा कि यही नहीं, भाजपा के विधायक ने सदन में मुझे अपशब्द कहे थे. भाजपा के प्रवक्ता कई बार महिलाओं का अपमान कर चुके हैं. जिसने राजद की महिला प्रवक्ता को निर्वस्त्र घुमाने की बात की, उसे भाजपा ने अपनी पार्टी में शामिल किया, तब प्रधानमंत्री कहां थे?
राजद नेता ने आगे कहा कि देश और बिहार की जनता सब कुछ जानती और समझती है. यह दिखावटी, मिलावटी राजनीति से काम नहीं चलने वाला है. पीएम मोदी विदेश में थे, जब यहां आए तो उन्हें रोना आया. एनडीए के चार सितंबर के बिहार बंद को लेकर उन्होंने कहा कि इनके पास कोई मुद्दा नहीं है. भाजपा डरी हुई है. वोटर अधिकार यात्रा में जो जनसैलाब, जनसमर्थन उमड़ा है, उससे इनकी बेचैनी बढ़ी हुई है.
पीएम मोदी ने बलात्कारी को जिताने की अपील की
पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द वाले मुद्दे पर पलटवार करते हुए तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा चौड़ा पोस्ट किया. उन्होंने एक्स पर लिखा, ”मां तो मां होती है. मां शब्द जुबान पर आते ही कितना सुकून मिलता है. जो बेजुबान है मां तो उनकी भी होती है. किसी को भी किसी की भी मां-बहन-बेटी के प्रति अपशब्द नहीं बोलना चाहिए. इस दुनिया में मौजूद हर इंसान, जीव-जंतु, पशु-पक्षी सभी मां की ही पैदाइश है. प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं और लड़कियों से बलात्कार करने वाले प्रज्वल रेवन्ना का प्रचार कर उसे जिताने की अपील करें तो वह पीएम मोदी का मास्टर स्ट्रोक. ”
माँ तो माँ होती है। माँ शब्द जुबान पर आते ही कितना सुकून मिलता है। जो बेजुबान है माँ तो उनकी भी होती है। किसी को भी किसी की भी माँ-बहन-बेटी के प्रति अपशब्द नहीं बोलना चाहिए। इस दुनिया में मौजूद हर इंसान, जीव-जंतु, पशु-पक्षी सभी माँ की ही पैदाइश है।
👉 प्रधानमंत्री मोदी जी…
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) September 3, 2025
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

