सीबीआई ने सोमवार को राजधानी दिल्ली में नॉर्दर्न रेलवे से जुड़े एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश किया. जांच एजेंसी ने रिश्वत लेते हुए नॉर्दर्न रेलवे के दो वरिष्ठ अधिकारियों और एक प्राइवेट वेंडर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया. आरोपियों को 7 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया. गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में एक सीनियर डिविजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (डीईई) और एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसईई) शामिल हैं. इन पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली स्थित एक निजी कंपनी और उसके परिवार को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए रिश्वत मांगी और स्वीकार की.
सीबीआई के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय हुई जब तीनों आरोपी रिश्वत के लेन-देन में शामिल थे. जांच एजेंसी ने एक जाल बिछाया और उन्हें उसी समय धर दबोचा जब रिश्वत की राशि का आदान-प्रदान हो रहा था. सूत्रों के मुताबिक, यह रिश्वत नॉर्दर्न रेलवे के कामकाज में निजी वेंडर की कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए ली जा रही थी.
Central Bureau of Investigation (CBI) has arrested 3 accused, including a Senior DEE and a SEE, both officers of Northern Railway, DRM Office, New Delhi and a private Railway vendor immediately after the exchange of a bribe of Rs 7 lakh, on allegations that accused Railway… pic.twitter.com/EDwdrmaQrN
— ANI (@ANI) April 7, 2025
छापेमारी में भारी नकदी और सोना बरामद
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान अधिकारियों के आवास और अन्य संबंधित स्थानों से लगभग 63.85 लाख रुपये नकद, 3.46 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की छड़ें और आभूषण बरामद किए गए. इसके अलावा, कई अन्य संदिग्ध दस्तावेज और सामग्री भी जब्त की गई है, जिनकी जांच की जा रही है.
सीबीआई ने बताया कि यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर शुरू की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि नॉर्दर्न रेलवे के ये अधिकारी निजी कंपनी को अनुचित लाभ देने के लिए नियमित रूप से रिश्वत ले रहे थे. प्रारंभिक जांच में पता चला कि सीनियर डीईई और एसईई ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कंपनी के पक्ष में फैसले लिए और इसके बदले में मोटी रकम वसूली. निजी वेंडर पर भी इन अधिकारियों के साथ मिलीभगत का आरोप है.
ये भी पढ़ें- Haryana News: 500 रुपए रोज़ कमाने वाले नाई को मिला 37 करोड़ का टैक्स नोटिस, मामला जानकर उड़ जाएंगे होश!
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा, “हमने इस मामले में तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है. यह भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है.” एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस रिश्वतखोरी में और भी लोग शामिल हैं और यह सिलसिला कब से चल रहा था.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

