Chitrakoot Dalit Youth Death Case
Chitrakoot Dalit Youth Death Case: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में एक दलित आदिवासी कोल युवक की मौत ने कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों का आरोप है कि ईंट भट्ठे पर बकाया मजदूरी मांगने पर युवक की बेरहमी से पिटाई की गई. इसके बाद जब परिवार शिकायत लेकर थाने पहुंचा तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें भगा दिया. गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों पर भी अमानवीय व्यवहार का आरोप लगा है. इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जिसके बाद परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं.
मजदूरी मांगने पर हुई कथित पिटाई
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर थाना क्षेत्र के ऊचाडीह गांव निवासी लवलेश कोल रोजी-रोटी कमाने के लिए एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था. परिजनों का आरोप है कि कई दिनों की मजदूरी बकाया थी. जब लवलेश ने अपने मेहनताने की मांग की तो भट्ठा संचालकों और उनके साथ मौजूद लोगों ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
घायल युवक को लेकर परिजन मानिकपुर थाने पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने शिकायत दर्ज करने या तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उन्हें वहां से लौटा दिया. परिवार का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस हस्तक्षेप करती, तो लवलेश की जान बचाई जा सकती थी.
अस्पताल में डॉक्टर पर अमानवीय व्यवहार का आरोप
गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने पैर में संवेदना (सेंसेशन) जांचने के नाम पर लाइटर से उसका पैर जला दिया. परिवार का दावा है कि घायल युवक के साथ अस्पताल में भी संवेदनहीन व्यवहार किया गया, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई. हालांकि, इस आरोप पर अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इलाज के दौरान हुई मौत, जांच शुरू
इलाज के दौरान लवलेश की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: कौन हैं वो मुस्लिम भक्त जिसकी मजार पर आज भी रुकती है भगवान जगन्नाथ की यात्रा? जानिए पूरी कहानी
अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





