Bharat Express DD Free Dish

Coronavirus Cases: कोरोना ने फिर पकड़ी रफ्तार, पिछले 24 घंटे में सामने आए 5335 नए केस, 6 की हुई मौत

संक्रमण से कर्नाटक तथा महाराष्ट्र में दो-दो और केरल तथा पंजाब में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 5,30,929 हो गई.

Covid-19

प्रतीकात्मक तस्वीर

Edited by Nitish Pandey

Coronavirus Cases: भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,335 नए मामले आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,39,054 हो गई है. पिछले 195 दिन में सामने आए ये सर्वाधिक दैनिक मामले हैं. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 25,587 पर पहुंच गई है. देश में पिछले साल 23 सितंबर को संक्रमण के 5,383 दैनिक मामले सामने आए थे.

मृतक संख्या बढ़कर 5,30,929 हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से कर्नाटक तथा महाराष्ट्र में दो-दो और केरल तथा पंजाब में एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 5,30,929 हो गई. वहीं, संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में सात नाम और जोड़े हैं. अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी 25,587 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.6 प्रतिशत है. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.75 प्रतिशत है.

कुल 4,41,82,538 लोग संक्रमण मुक्त

देश में संक्रमण की दैनिक दर 3.32 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 2.89 प्रतिशत है. अभी तक कुल 4,41,82,538 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है. स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं.

यह भी पढ़ें-  Hanuman Jayanti: “जिन जगहों पर धारा 144 लागू, उन इलाकों में शोभायात्रा न निकालने दी जाए”, गृह मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी, दिल्ली और बंगाल में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात

गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.

देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे. चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read