Gwalior Bus Crackers Seizures: मनोज शर्मा/ग्वालियर: मध्य प्रदेश में ग्वालियर से इंदौर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस को जानकारी मिली कि बस के अंदर बारूद का बड़ा जखीरा छिपाकर ले जाया जा रहा है. झांसी रोड थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही तुरंत नाकाबंदी की और ‘कृष्णा ट्रैवल्स’ की बस को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए. सवारियों के बैग और सामान के बीच ठसाठस भरे हुए देशी पटाखों के तीन बड़े बोरे बरामद किए गए.
सबसे खतरनाक बात यह रही कि बस की सभी सीटें यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थीं. बस में सफर कर रहे दर्जनों बेखबर यात्री असल में ‘बारूद के ढेर’ पर बैठकर सफर कर रहे थे.
पार्सल बताकर पल्ला झाड़ने में जुटे चालक और कंडक्टर
रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद भी बस के चालक और कंडक्टर ने पुलिस के सामने मुंह खोलने से साफ इनकार कर दिया. पूछताछ के दौरान दोनों लगातार यही ढोल पीटते रहे कि यह तो बस एक पार्सल का सामान है, जिसे किसी ने भिजवाया था. वे यह बताने से बचते रहे कि पटाखों की यह अवैध खेप किसकी है, इसे कहां से लोड किया गया था और इंदौर में किस व्यापारी को डिलीवर किया जाना था.
पुलिस ने दोनों के ढुलमुल रवैये को देखते हुए चालक और कंडक्टर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है.
बस जब्त कर थाने में कराई गई खड़ी
झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव के मुताबिक, पटाखों के तीनों बोरों को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया गया है और यात्री बस को भी कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है. पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है ताकि पटाखों के असली मालिक और सप्लायर तक पहुंचा जा सके.
गौरतलब है कि यात्री गाड़ियों में ज्वलनशील पदार्थ ले जाना कानूनी रूप से सख्त मना है, लेकिन इसके बावजूद ट्रैवल संचालक चंद पैसों के लालच में मासूम मुसाफिरों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 20 साल में 8,778 मौतें, करीब 9% विमान हादसों में पायलट की भूमिका पर उठे सवाल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


