Bharat Express DD Free Dish

15 अगस्त से पहले दिल्ली हाई कोर्ट और IGI टर्मिनल-3 समेत 5 प्रमुख इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी

15 अगस्त से 24 घंटे पहले दिल्ली हाई कोर्ट, आईजीआई टर्मिनल-3 और साकेत डीएम ऑफिस समेत 5 ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली.

Delhi Bomb Threat On Independence Day Eve High Court IGI Airport Alert

Bomb Threat: स्वतंत्रता दिवस समारोह से ठीक 24 घंटे पहले राजधानी दिल्ली में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली हाई कोर्ट और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 समेत पांच प्रमुख और अति-संवेदनशील इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली. यह खौफनाक मैसेज ईमेल के जरिए भेजा गया था, जिसके बाद पूरी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत ‘हाई अलर्ट’ पर डाल दिया गया.

रजिस्ट्रार जनरल को भेजा ईमेल

धमकी भरा यह मैसेज दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया. इसमें दावा किया गया कि कोर्ट परिसर और जजों के कक्ष में बम रखे गए हैं और दोपहर 2 बजे तक परिसर खाली न करने पर धमाका करने की चेतावनी दी गई थी.

इसके अलावा जामनगर हाउस, झंडेवालान फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, साकेत डीएम ऑफिस और दिल्ली कैंट के एसडीएम दफ्तर को भी निशाना बनाने की बात कही गई.

नहीं मिला कुछ भी संदिग्ध

ईमेल मिलते ही दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad), डॉग स्क्वायड और दमकल विभाग की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं. सभी पांचों लोकेशंस को खाली कराकर चप्पे-चप्पे पर सघन तलाशी अभियान (Anti-Sabotage Checking) चलाया गया.

हाई कोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी वकील कुणाल ने बताया कि पूरे प्रांगण की बारीकी से जांच की गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. राहत की बात यह रही कि अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है. पुलिस इसे दहशत फैलाने या सुरक्षा घेरा परखने की नीयत से की गई ‘हॉक्स कॉल’ (फर्जी कॉल) मानकर साइबर सेल के जरिए आईपी एड्रेस ट्रैक कर रही है.

स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में तैनात हुए 20 हजार जवान

15 अगस्त के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही चाक-चौबंद है. डीसीपी नॉर्थ राजा बांठिया के अनुसार, लाल किले और आसपास के 3 किलोमीटर के दायरे में आतंकवाद विरोधी प्लान के तहत लगभग 15,000 से 20,000 जवान तैनात किए गए हैं. निगरानी के लिए एआई आधारित ‘अभिज्ञान’ ऐप, सीसीटीवी कैमरे और वीडियो एनालिसिस का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि समारोह पूरी तरह सुरक्षित संपन्न हो सके.

यह भी पढ़ें: सीएम के काफिले से पहले कर्मचारियों ने ‘मग और बाल्टी’ से चमकाई बिकानेर की सड़क; देखें वीडियो

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read