Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

दिल्ली के CM केजरीवाल की आज कोर्ट में पेशी, राहुल गांधी ने परिवार वालों से की फोन से बात, आज कर सकते हैं मुलाकात

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज अरविंद केजरीवाल के परिवार से बात की है और उन्हें अपनी और कांग्रेस पार्टी की तरफ से पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया है.

ARVIND Kejriwal

अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को कल उत्पाद शुल्क नीति मामले (PMLA) में ED ने गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद उन्हें ED मुख्यालय लाया गया. अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से ही देश में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है. आप के विधायकों ने आज 12 बजे पंजाब में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है, वहीं इंडिया गठबन्धन की सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते कांग्रेस सभी घटक दलों के प्रमुखों से बात करेगी. उसके बाद इंडिया गठबन्धन की तरफ से केजरीवाल की गिरफ्तारी और जांच एजेंसियों का विपक्षी दलों के खिलाफ दुरुपयोग के मुद्दे पर साझा बयान जारी किया जाएगा. केजरीवाल को आज स्पेशल पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां ईडी पूछताछ के लिए उनकी हिरासत की मांग करेगी. वहीं आज सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर सुनवाई होगी.

राहुल गांधी ने की अरविंद केजरीवाल के परिवार से बात 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज अरविंद केजरीवाल के परिवार से बात की है और उन्हें अपनी और कांग्रेस पार्टी की तरफ से पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया है. वहीं आज राहुल गांधी केजरीवाल या उनके परिवार से मुलाकात भी कर सकते है और उन्हें कानूनी मदद मुहैया करा सकते हैं. बता दें कि प्रियंका गांधी के ट्वीट के बाद गांधी परिवार की तरफ से यह बड़ा राजनीतिक कदम बताया जा रहा है.

भाजपा ने करोड़ों लोगों का अपमान किया- गोपाल राय

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि “लंबी कुर्बानी के बाद इस देश को संविधान मिला था और उसने जनप्रतिनिधि चुनने का अधिकार दिया था. लेकिन आज पूरा देश स्तब्ध है कि अदालत में मामला विचाराधीन होने के बावजूद मोदी जी ने प्रचंड बहुमत से चुने हुए सीएम को गिरफ्तार किया है. आज इसका ऐलान हुआ है कि अगर भाजपा और उसकी सरकार के खिलाफ बोलने की कोई जुर्रत करेगा तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा. आज भाजपा ने करोड़ों लोगों का अपमान किया है. यह दिल्ली के दो करोड़ों लोगों की गिरफ्तारी है, देश के लोकतंत्र से मोहब्बत करने वालों को गिरफ्तार किया गया है.” वहीं उन्होंने आगे कहा कि  देश की जनता और दिल्ली के लोग इस लड़ाई को लड़ेंगे. हमने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है, जिसके बाद हम आगे का कदम तय करेंगे.”

इसे भी पढें: अब ‘AAP’ का क्या होगा? केजरीवाल समेत पार्टी के इन टॉप नेताओं को हुई जेल

केजरीवाल को लगी दिल्ली के लोगों की हाय-  मनोज तिवारी

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “अरविंद केजरीवाल के मामले में अंतत: वही हुआ जो अपराध और भ्रष्टाचार के मामले में होता है. भ्रम का जाल फैलाकर सत्ता हथियाई और सत्ता हथियाने के बाद दिल्ली को लूटा, उस अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के लोगों की हाय भी लगी है. लोग तालियां बजाकर स्वागत कर रहे हैं. जो जनता का खजाना लूटेगा उसका ऐसा ही हश्र होना चाहिए.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital