रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की
Rekha Gupta Met PM Modi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Delhi CM Rekha Gupta) ने पहली बार भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) से मुलाकात की. यह बैठक करीब एक घंटे 45 मिनट तक चली, जिसमें दिल्ली की प्रमुख समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई. बातचीत में यमुना सफाई, सड़क निर्माण, पानी, बिजली, यातायात, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर विचार-विमर्श हुआ. प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार को जनहित में तेजी से काम करने की सलाह दी. इससे पहले, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की थी.
आपको बता दें शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री पद संभालते ही दिल्ली सरकार विभिन्न मुद्दों पर काफी एक्टिव हो गई है. रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार यमुना सफाई, प्रदूषण नियंत्रण और अन्य विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है. शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की, जिसमें सरकार के कार्य एजेंडे पर चर्चा हुई. इसके साथ ही, दिल्ली सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व मंत्रियों के निजी स्टाफ को हटा दिया है. इसके अलावा, विधानसभा के पहले सत्र की तिथि भी घोषित कर दी गई है.
दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र
दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र 24 से 27 फरवरी तक चलेगा. इस दौरान नए विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी, साथ ही विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा. भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए विजेंद्र गुप्ता और उपाध्यक्ष पद के लिए मोहन सिंह बिष्ट (Mohan Singh Bisht) को नामित किया है. विधानसभा में भाजपा का बहुमत होने के कारण दोनों पदों पर इनकी नियुक्ति तय मानी जा रही है. इस सत्र में सरकार आगामी पांच वर्षों का एजेंडा भी पेश करेगी, जिसमें यमुना सफाई, प्रदूषण नियंत्रण और महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने जैसी योजनाएं शामिल हैं.
महिलाओं को हर महीने ₹2500 मिलेंगे?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली की गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी. भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में इस योजना का वादा किया था, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सशक्त बनाना है.
आवेदन प्रक्रिया
महिला समृद्धि योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जैसा कि भाजपा शासित अन्य राज्यों में होता है. जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके बाद पंजीकरण शुरू होगा. दिल्ली सरकार की अन्य योजनाओं की तरह इस योजना के लिए भी ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा. यदि कोई नई प्रक्रिया लागू नहीं होती, तो यही तरीका मान्य रहेगा.
ये भी पढ़ें: NIA ने CPI (माओवादी) मगध जोन पुनरुद्धार मामले में चौथे आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





