Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली: जाफराबाद बकरा बाजार में ‘अल्लाह’ लिखे बकरे की धूम, कीमत सुनकर उड़ जाएंगे होश!

Delhi Jafrabad goat market: बकरीद से पहले दिल्ली के जाफराबाद बकरा बाजार में जबरदस्त रौनक है. यहां ‘अल्लाह’ लिखे बकरे की कीमत जानकर आपके होश उड़ जाएंगे, जबकि सुल्तान और शेरा जैसे खास बकरे भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.

रिपोर्ट- हिमांशु दुबे


Delhi Jafrabad goat market: बकरीद का त्योहार 28 मई को देशभर में मनाया जाएगा. इससे पहले राजधानी दिल्ली के जाफराबाद बकरा बाजार में रौनक अपने चरम पर पहुंच गई है. उत्तर-पूर्वी दिल्ली का यह बाजार इन दिनों खरीदारों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. यहां 15 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक के बकरे बिक्री के लिए उपलब्ध हैं.

अलग-अलग नस्लों के बकरे आकर्षण का केंद्र

बाजार में बीटल, तोता परी समेत कई खास नस्लों के बकरे मौजूद हैं, जिन्हें देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. सामान्य बकरों की कीमत जहां 15 से 20 हजार रुपये के बीच है, वहीं बेहतर नस्ल और अधिक वजन वाले बकरे लाखों रुपये में बिक रहे हैं. ग्राहकों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार बकरों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है, लेकिन त्योहार को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ है.

‘सुल्तान’ और ‘शेरा’ बने आकर्षण का केंद्र

बाजार में दो बकरे ‘सुल्तान’ और ‘शेरा’ लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं. बीटल नस्ल के इन बकरों की कीमत क्रमशः लगभग 1.80 लाख और 1.40 लाख रुपये बताई जा रही है. इन्हें पंजाब से लाया गया है और इनके वजन व कद को देखते हुए इन्हें खास माना जा रहा है.

5 लाख रुपये का बकरा बना चर्चा का विषय

सबसे ज्यादा चर्चा में ‘भोला’ नाम का बकरा है, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये रखी गई है. यह तोता परी नस्ल का बकरा है. दुकानदार का दावा है कि इसके कान के नीचे अरबी में ‘अल्लाह’ लिखा हुआ है, जिसके कारण इसकी कीमत अधिक रखी गई है. यह बकरा बाजार में आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है.


ये भी पढ़ें: ‘मदद कर दो…’ रोती-बिलखती रहीं मासूम बेटियां, पर तमाशबीनों का दिल नहीं पसीजा; करनाल में बेरहमी से मर्डर


सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बकरीद को देखते हुए बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है. दिल्ली सरकार की एडवाइजरी के अनुसार नियमों का पालन कराया जा रहा है. पुलिस, CISF और वॉलंटियर्स की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है. CCTV और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.

बढ़ती कीमतों के बावजूद बाजार में खरीदारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. लोग अपने बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं, जबकि कई लोग खास नस्ल के बकरों को देखने के लिए भी पहुंच रहे हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read