Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे का कहर, ऑरेंज अलर्ट जारी, देश के इन हिस्सों में शीतलहर का असर

Delhi-NCR Fog: दिल्ली-NCR में घना कोहरा छाया है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कोहरे का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.

Delhi-NCR Fog: शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में हर तरफ घना कोहरा छाया हुआ है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में सफेद धुएं जैसा कोहरा इतना घना है कि कारें और बाइकें रेंगती हुई नजर आ रही है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जताया है. इसी वजह से दिल्ली में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया.

तापमान में हल्की बढ़ोतरी

मौसम विभाग के अनुसार, ठंड में थोड़ी राहत मिलेगी क्योंकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 8-9 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. वहीं अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

शीत लहर का असर

अगले 1-2 दिनों तक उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में शीत लहर चलने की संभावना है. इसके बाद इसमें कमी आएगी. अगले पांच दिनों तक बिहार और उत्तर पश्चिम भारत में घना कोहरा छाया रहेगा. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और यूपी में कुछ जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति रहेगी.

पश्चिमी विक्षोभ से बदलाव

हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई गई है. इसके असर से दिल्ली में आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. मौसम में इस बदलाव के चलते वायु प्रदूषण की स्थिति और बिगड़ सकती है. राजधानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 350 से 400 के बीच पहुंचने पर ग्रैप-3 के तहत सख्त पाबंदियां लागू कर दी गई हैं. इसी के तहत बीएस-4 से नीचे श्रेणी वाले वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.

कोहरा रहेगा, ठंड घटेगी?

17 जनवरी को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री रहने का अनुमान है. 18 से 22 जनवरी तक यह 8 से 10 डिग्री तक पहुंच सकता है. सुबह के वक्त हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा बना रहेगा.

ये भी पढ़ें-गैराज में पोर्श और डिफेंडर, आंखों पर ब्रांडेड चश्मा! कौन हैं ये रईस सतुआ बाबा, जिनकी लग्जरी देख दुनिया दंग है?

मैदानों में तापमान

पंजाब के बलोवाल सौंखरी में न्यूनतम तापमान गिरकर 0.9 डिग्री तक पहुंच गया. वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे दर्ज किया गया. दिल्ली में कई स्थानों पर तापमान 1 से 5 डिग्री के बीच रहा. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read