Delhi NCR Weather Update: दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव मोड में आ चुका है. बीते कुछ दिनों से राजधानी में रुक-रुक कर झमाझम बारिश हो रही है, जिससे गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी भी बढ़ गई है. 16 जुलाई को हुई तेज बारिश ने शहर के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया.
मौसम विभाग ने दी ताजा जानकारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि आने वाले कुछ दिन और भीगी सुबह और नम शामों वाले रह सकते हैं. दिल्ली-एनसीआर में आज यानी 17 जुलाई को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. कुछ जगहों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है.
कहां कितना रहेगा तापमान
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम 25 डिग्री के करीब हो सकता है. नोएडा और फरीदाबाद में तापमान 32 डिग्री तक, गाजियाबाद में 34 डिग्री और गुरुग्राम में 31 डिग्री तक जा सकता है. न्यूनतम तापमान लगभग सभी जगहों पर 25 से 26 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.
उत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान
IMD की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 17 से 22 जुलाई के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में अच्छी खासी बारिश होने वाली है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में रुक-रुककर बारिश होगी. वहीं, कुछ खास तारीखों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है.
17 जुलाई को पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है. वहीं 20 से 22 जुलाई तक उत्तराखंड, हिमाचल और यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है.
हिमालयी क्षेत्रों में भी रहें सतर्क
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उसके निचले मैदानी इलाकों में अगले एक हफ्ते तक मौसम बिगड़ा रह सकता है. कई जगहों पर आंधी, बिजली और मध्यम बारिश की संभावना है.
लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी पर ध्यान दें.
ये भी पढ़ें- Haryana में फिर से हिली धरती, रोहतक में 3.3 की तीव्रता का भूकंप
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


