बदला मौसम का मिजाज
Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में पूरे दिन चली गर्मी और चिपचिपी उमस के बाद रविवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. राजधानी और आसपास के कई इलाकों में तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को काफी राहत महसूस हुई. आसमान में बादल भी लगातार नजर आए. हालांकि देर शाम तक बारिश को लेकर कोई स्पष्ट स्थिति नहीं बन सकी. तापमान में ज्यादा गिरावट भले नहीं आई, लेकिन हवाओं ने मौसम को पहले के मुकाबले काफी बेहतर बना दिया.
पहले ही जताया गया था बदलाव का अनुमान
मौसम विभाग ने 11 अक्टूबर के लिए पहले से ही बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की थी. विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राजधानी के आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. फिलहाल किसी बड़े बारिश वाले सिस्टम की संभावना नहीं दिखाई दे रही है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 15 अक्टूबर तक ऐसे ही बदलते मौसम का असर देखा जा सकता है.
अगले तीन दिनों का तापमान कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 11 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. 12 अक्टूबर को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बना रह सकता है. वहीं 13 अक्टूबर को अधिकतम तापमान थोड़ा बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं. इस दौरान वातावरण में नमी 60 से 80 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान जताया गया है.
मौसम विशेषज्ञों ने क्या कहा?
जानकारों का मानना है कि अक्टूबर के मध्य तक पहुंचते-पहुंचते मौसम में धीरे-धीरे बदलाव और स्पष्ट नजर आने लगेगा. तापमान फिलहाल सामान्य से थोड़ा ऊपर बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें कमी आ सकती है. नमी के स्तर में हो रहे बदलाव की वजह से दिन के समय गर्मी का हल्का असर बना रहेगा, जबकि शाम और रात का मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक महसूस हो सकता है.
ये भी पढ़ें-समुद्र से निकला 2000 साल पुराना राज! तमिलनाडु के तट के पास मिला ‘खोई हुई दुनिया’ का सुराग
ठंड की शुरुआती दस्तक के संकेत
शनिवार शाम चली तेज हवाओं और बादलों की मौजूदगी ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि मौसम अब नए दौर में प्रवेश कर रहा है. आने वाले दिनों में उमस कम होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी. वहीं अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में राजधानी और एनसीआर में ठंड की शुरुआती आहट भी महसूस होने लग सकती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


