दिल्ली पुलिस अकादमी, झरोदा कलां परिसर में आज एक भव्य और प्रेरणादायक पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया, जिसमें बैच संख्या 124 के 2780 नव-भर्ती कांस्टेबल्स ने भाग लिया. इनमें 1240 महिलाएं शामिल थीं. यह आयोजन इन नव प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण की सफल समाप्ति और अब सेवा के लिए उनकी तैयारी का प्रतीक था.
इस बैच में शैक्षणिक रूप से विविध पृष्ठभूमि से आए प्रतिभागी शामिल हैं. इनमें 296 पोस्ट ग्रेजुएट हैं जिनमें 71 MSc, 8 MBA और 24 M.Com डिग्री धारक शामिल हैं. इसके अलावा, 24 B.Tech, 3 LLB और 137 B.Ed डिग्री वाले अभ्यर्थी भी इस बैच का हिस्सा रहे. इस प्रकार, ये नव-नियुक्त पुलिसकर्मी न केवल शारीरिक रूप से प्रशिक्षित हैं, बल्कि शैक्षणिक दृष्टि से भी मजबूत हैं.
फॉरेंसिक और जांच तकनीकों पर फोकस
इन सभी को एक व्यापक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के अंतर्गत संवैधानिक ढांचे, आपराधिक कानून, अपराध विज्ञान, साइबर अपराध, जांच तकनीकों और फॉरेंसिक विज्ञान जैसी आधुनिक पुलिसिंग से जुड़ी विषयवस्तु का सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया. साथ ही, उन्हें नई आपराधिक विधियों के प्रावधानों की गहराई से जानकारी दी गई. प्रशिक्षण में परेड, PT, कमांडो ट्रेनिंग, बिना हथियार की लड़ाई (UAC), आत्मरक्षा तकनीकें, खेलकूद, योग और मानसिक स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया गया.
कमांडो पाठ्यक्रम में उन्हें विस्फोटक और IEDs की जानकारी, रेड व एंबुश ऑपरेशन, फील्ड क्राफ्ट और शहरी अभियानों के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया. इसके अलावा, डिजास्टर मैनेजमेंट पर NDRF के माध्यम से प्रशिक्षण, साइबर अपराध की रोकथाम, आर्थिक अपराध की जांच, पशु सुरक्षा, तनाव और क्रोध प्रबंधन जैसी समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा कार्यशालाएं आयोजित की गईं.
कमांडो, UAC, आत्मरक्षा और योग प्रशिक्षण
तकनीकी प्रशिक्षण के तहत प्रशिक्षुओं को दिल्ली पुलिस के सभी एप्स, वेबसाइट्स, CCTNS, ICJS और ICMS जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की संपूर्ण जानकारी दी गई. सभी प्रशिक्षु iGot Karmayogi ऐप पर पंजीकृत हैं और दिल्ली पुलिस के लिए आवश्यक सभी कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुके हैं.
परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया. W/R/Ct. दीक्षा चौधरी को ऑल राउंड बेस्ट ट्रॉफी, W/R/Ct. भावना राणा को इनडोर ट्रेनिंग में प्रथम स्थान, R/Ct. धीरेज यादव को आउटडोर में प्रथम और R/Ct. सोहित कुमार को कमांडो प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया. महिला टुकड़ी संख्या 07 और पुरुष टुकड़ी संख्या 22 को सर्वश्रेष्ठ परेड टुकड़ी घोषित किया गया, जिनके ड्रिल प्रशिक्षकों W/HC रवीता और ASI सुरेंद्र को ट्रॉफियों से सम्मानित किया गया.
सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षुओं और परेड टुकड़ियों को मिला गौरव
इस समारोह की मुख्य अतिथि विशेष पुलिस आयुक्त (मानव संसाधन) श्रीमती नुज़हत हसन, IPS रहीं. उन्होंने अपने संबोधन में प्रशिक्षुओं को सेवा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर बल दिया.
संस्थान के संयुक्त निदेशक श्री आसिफ मोहम्मद अली, IPS ने अपने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशिक्षुओं और उनके परिजनों का स्वागत करते हुए सभी को इस उपलब्धि पर बधाई दी.
समारोह में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गुजरात की निदेशक कावेरी टंडन और विशेष पुलिस आयुक्त (प्रशिक्षण) श्री संजय कुमार, IPS भी मौजूद रहे. शपथ ग्रहण समारोह का संचालन श्री मोहम्मद अली, IPS, उप निदेशक-I द्वारा किया गया.
ये भी पढ़ें: माउंट एवरेस्ट पर फतह करने वाली CISF सब-इंस्पेक्टर गीता समोटा बनीं भारत की नई प्रेरणा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

