बिश्नोई गैंग के दो शूटर दिल्ली में गिरफ्तार
Delhi Police Encounter: दिल्ली में बदमाशों के हौसले किस हद तक बुलंद हैं, इसकी एक झलक उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में देखने को मिली. लॉरेंस बिश्नोई और राशिद केबलवाला गैंग से जुड़े दो कुख्यात शूटरों की दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ के साथ जबरदस्त मुठभेड़ हो गई. दोनों तरफ से करीब 26 राउंड गोलियां चलीं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को धर दबोचा. गनीमत यह रही कि इस खूनी संघर्ष में बुलेटप्रूफ जैकेट होने की वजह से पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए.
भजनपुरा फायरिंग से आए थे रडार पर
पूरा मामला कुछ दिन पहले भजनपुरा इलाके से जुड़ा है, जहां एक स्थानीय कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई थीं. इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम इन बदमाशों की तलाश में जुटी थी. जांच में साफ हो गया था कि इस वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं बल्कि मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम हैं. घटना के बाद से ही दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे और पुलिस को चकमा दे रहे थे.
यमुना खादर में बिछाया गया जाल
पुलिस सूत्रों से पुख्ता खबर मिली थी कि दोनों शूटर उस्मानपुर के यमुना खादर के रास्ते से कहीं भागने की फिराक में हैं. बिना देर किए स्पेशल स्टाफ की टीम ने उस जंगली इलाके में चारों तरफ से घेराबंदी कर ली. पुलिस ने जैसे ही दोनों को रुकने का इशारा किया, आरोपियों ने खुद को घिरता देख कानून का खौफ भूलकर पुलिस टीम पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
ये भी पढ़ें- ‘दृश्यम 3’ देख रची साजिश! 2,000 KM दूर सूरत से बिहार आकर सोते पिता को मारा; कैसे खुली पोल?
बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान
बदमाशों की तरफ से सीधे पुलिस पर गोलियां बरसाई गईं, जिसमें दो पुलिसकर्मियों को सीधी गोली लगी. लेकिन दोनों पुलिसकर्मियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी. दोनों तरफ से करीब 26 राउंड गोलियां चलीं. आखिरकार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर कैफ और जसीम के पैरों में गोली जा लगी, जिसके बाद वे जमीन पर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें तुरंत दबोच लिया.
अब गैंग के बड़े नेटवर्क पर पुलिस की नजर
पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उनका इलाज चल रहा है. उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. अब दिल्ली पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि आखिर भजनपुरा के उस कारोबारी को निशाना बनाने के पीछे किसका हाथ था, इन्हें हथियार कहां से मिले और इस वारदात के बाद इन्हें पनाह किसने दी थी. इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस पूरे सिंडिकेट के बाकी गुर्गों तक पहुंचने की तैयारी में है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

