Bharat Express DD Free Dish

‘106 किलो चरस, मिक्सिंग मशीन और 4 तस्कर!’ दिल्ली पुलिस ने वजीराबाद और कोटला मुबारकपुर में मारा छापा

दिल्ली पुलिस के साउथ डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ ने नेपाल से भारत लाई गई 109 करोड़ रुपये की चरस जब्त की है. मामले में चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है.

Delhi Police Seizes Charas Worth 109 Crore From Nepal Syndicate 4 Arrested

Nepal Drug Syndicate: खुशी कुमारी/दिल्ली: दिल्ली पुलिस के साउथ डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 109 करोड़ रुपये की हाई-क्वालिटी चरस जब्त की है. पुलिस ने करीब 106.25 किलोग्राम चरस के साथ चार नेपाली नागरिकों भरत थापा, गोविंद बुढा, ज्योति पुन मगर और रोशनी मगर को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह भारत-नेपाल सीमा से सड़क के रास्ते ड्रग्स दिल्ली-एनसीआर लाकर सप्लाई करता था.

दो चरणों में चला सीक्रेट ऑपरेशन

पुलिस के मुताबिक, यह पूरी सफलता दो अलग-अलग छापेमारी का नतीजा है. 29 जून 2026 को किए गए पहले छापे में कोटला मुबारकपुर से भरत, गोविंद और ज्योति को 8.598 किलो चरस के साथ दबोचा गया और एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई.

वहीं, 12 अगस्त 2026 को दूसरा छापे में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस वजीराबाद के एक गुप्त ठिकाने तक पहुंची. वहां से रोशनी मगर को 97.652 किलो चरस, मिक्सिंग मशीन और पैकिंग मटेरियल के साथ गिरफ्तार किया गया.

ऑटो-टैक्सी से होती थी सप्लाई

जांच में खुलासा हुआ कि यह सिंडिकेट नेपाल से सोनौली (यूपी) बॉर्डर के रास्ते सड़क मार्ग से चरस दिल्ली लाता था ताकि चेकिंग से बचा जा सके. गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया के जरिए ऑर्डर लेते थे और पेमेंट कैश व डिजिटल दोनों माध्यमों से स्वीकार करते थे.

माल की डिलीवरी के लिए ये लोग पहचान छिपाने के लिए ऑटो-रिक्शा और बाइक-टैक्सी का इस्तेमाल करते थे. इनका मुख्य टारगेट दिल्ली-एनसीआर के युवा, पब, बार और मजनू का टीला व वजीराबाद जैसे इलाके होते थे.

मुख्य सप्लायरों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस नेपाल में बैठे गिरोह के मुख्य सरगना बिनमाया और हरि की सरगर्मी से तलाश कर रही है. साथ ही इनके पूरे फाइनेंशियल नेटवर्क और स्थानीय वेंडरों की कड़ियों को जोड़ने के लिए सघन जांच जारी है.

यह भी पढ़ें: टला बड़ा हादसा! TMC नेता के पार्टी दफ्तर में घुसी हाइड्रोलिक मशीन, देखें कैसे पाया गया काबू

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read