Weather Update: पिछले दो दिनों से देश की राजधानी दिल्ली के आसमान में बादलों का आना जाना बना हुआ है. धूप की तीव्रता और उमस कम जरूर हुई है, लेकिन गर्मी से लोग अब भी जूझ रहे हैं. इस बीच IMD ने राहत की खबर दी है. आज और कल राजधानी में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहाना बनेगा. नवरात्रि के दौरान दिल्लीवासियों को उमस से राहत मिलने की संभावना है.
यूपी में बरकरार गर्मी
उत्तर प्रदेश में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी है. दिन में तेज धूप से लोग बेहाल हैं. हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. 1 अक्टूबर को भी यही स्थिति बनी रह सकती है. अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है.
बिहार में बदलता मौसम
बिहार में आज का मौसम मिला-जुला रहेगा. कहीं धूप तो कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा और मधेपुरा में मध्यम बारिश का अनुमान है. वहीं पटना, गया और दक्षिण बिहार के कई जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. 1 से 4 अक्टूबर के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें: एनसीआर के लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत, इस दिन को बूंदाबादी का पूर्वानुमान
अन्य राज्यों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 2 से 4 अक्टूबर तक झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है. 3 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी अच्छी बारिश हो सकती है. मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में 4 से 5 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान है. पश्चिमी भारत में गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ इलाके, साथ ही कोंकण और गोवा में आज बारिश हो सकती है. मुंबई में भी बरसात की संभावना जताई गई है.
उत्तराखंड और पूर्वोत्तर में बरसात
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अन्य पहाड़ी जिलों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. पूर्वोत्तर राज्यों में 1 से 5 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. 2 और 3 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदल रहा है. कहीं बारिश से राहत मिलेगी तो कहीं लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
