Bharat Express DD Free Dish

‘राहुल गांधी को घड़ियाली आंसू बहाना…’ धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना, छात्रों को लेकर क्या कहा?

Dharmendra Pradhan attacks Rahul Gandhi: पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दे पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने अमित शाह पर लगाए आरोपों और झारखंड छात्र मामले को लेकर भी निशाना साधा.

Dharmendra Pradhan attacks Rahul Gandhi: पूर्व शिक्षा मंत्री और बीजेपी सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर कड़ा निशाना साधा है. उन्होंने सदन के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी तंज कसा है. छात्रों के हितों को लेकर अपनी बात रखते हुए प्रधान ने सोशल मीडिया पर एक लंबी-चौड़ी पोस्ट की, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी पर झूठ फैलाने और घड़ियाली आंसू बहाने तक के आरोप लगाए.

घड़ियाली आंसू बहाते है राहुल- प्रधान

बीजेपी सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है. उन्होंने लिखा, “छात्रों के हितों को लेकर कांग्रेस लगातार झूठ फैला रही है. राहुल गांधी के पास तथ्य नहीं है. आदतन झूठ बोलने वाले नेता प्रतिपक्ष को न संसद में आना है और न जवाब सुनना है. इन्हें तो बस अपना झूठ फैलाकर घड़ियाली आंसू बहाना है. ”

अमित शाह को लेकर क्या कहा?

धर्मेंद्र प्रधान ने आगे लिखा, “गृहमंत्री अमित शाह पर बेवजह बिना किसी तथ्य के झूठे आरोप लगाना राहुल गांधी और कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दिखाता है. सरकार हर मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, मगर कांग्रेस लोकतंत्र के मंदिर ‘संसद भवन’ को बाधित कर देश और युवाओं के हितों को कुचलने का काम कर रही है, क्योंकि इनकी मंशा देशहित नहीं, स्वयं के हितों को पहले प्राथमिकता देने की है. जब सदन में चर्चा होती है तो ये लोग बाहर हंगामा करते हैं, क्योंकि सदन में जवाब सुनने की इतनी क्षमता नहीं है.”

“कांग्रेस का लोकतंत्र भी ‘Selective’ है”

धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस हमला करते हुए लिखा, “कांग्रेस का लोकतंत्र भी ‘सेलेक्टिव’ है, जहां अपनी सरकार हो, वहां युवाओं पर हिंसा और जहां राजनीति चमकानी हो, वहां झूठ और हंगामा. झारखंड में छात्रों के साथ जो बर्बरता हुई है, उसे पूरे देश ने देखा है. लेकिन, सवाल ये है कि हर मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले राहुल गांधी आज चुप्पी क्यों साधे हुए हैं? देश का युवा कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को अच्छी तरह समझ चुका है. लोकतंत्र में तानाशाही के लिए कोई जगह नहीं, ये राहुल गांधी और आपातकाल वाली सोच से चलने वाली कांग्रेस पार्टी को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए.”


ये भी पढ़ें: ‘झारखंड क्यों नहीं गईं आप..!’ बीजेपी सांसद ने जब संसद में टोका, तो क्या बोल गईं प्रियंका गांधी?


हाल ही में धर्मेंद्र प्रधान ने 9 अगस्त को संबलपुर स्थित गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में जेन-जी को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि कुछ लोगों ने देश के युवाओं को गुमराह करने की कोशिश की है. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बतौर मंत्री उनके लिए यह किसी प्रतिष्ठा का मुद्दा नहीं था. उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के करीब 20 करोड़ जेन-जी युवा भारत की बड़ी ताकत हैं और यही युवा देश को भविष्य में ‘विश्वगुरु’ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read