Bharat Express DD Free Dish

‘गांवों तक पहुंचा स्टार्टअप, खत्म हुए बिचौलिए’.. डिजिटल इंडिया के 11 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां

‘डिजिटल इंडिया’ के 11 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये पहल विकसित और आत्मनिर्भर भारत की सशक्त नींव है. उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में इसने गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही देशवासियों के जीवन को आसान बनाया है.

PM Modi

‘डिजिटल इंडिया’ के 11 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश के विकास की रीढ़ बताया है. उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में इस मिशन ने ना सिर्फ शासन को बदल दिया है, बल्कि आम लोगों की जिंदगी को भी काफी आसान बना दिया है. डिजिटल सेवाओं के जरिए अब सरकारी योजनाओं का फायदा सीधे लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता भी बढ़ी है.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कई पोस्ट के जरिए बताया कि डिजिटल इंडिया का असर सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गांवों और छोटे शहरों तक भी इसकी पहुंच बनी है. टियर-2 और टियर-3 शहरों में आज हजारों युवा स्टार्टअप और नए इनोवेशन के जरिए देश की समस्याओं का समाधान ढूंढ रहे हैं. इससे रोजगार के नए अवसर भी बन रहे हैं और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा मिला है.

हर सेक्टर में बदलाव की झलक

प्रधानमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती और व्यापार जैसे क्षेत्रों में डिजिटल तकनीक ने बड़ा बदलाव लाया है. अब किसान से लेकर छात्र तक, हर कोई मोबाइल और इंटरनेट के जरिए जरूरी सेवाओं से जुड़ पा रहा है. डिजिटल भुगतान और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी सुविधाओं ने बिचौलियों की भूमिका को काफी हद तक खत्म कर दिया है.

नई तकनीकों की ओर बढ़ता भारत

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती तकनीकों में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उनका मानना है कि आने वाले समय में ये तकनीकें देश के विकास को और गति देंगी और नए अवसरों के द्वार खोलेंगी.

प्रधानमंत्री के अनुसार, डिजिटल इंडिया की सफलता ने दुनिया भर में भारत की एक मजबूत पहचान बनाई है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि असली लक्ष्य ऐसा भारत बनाना है जहां तकनीक हर नागरिक को सशक्त बनाए और विकास को टिकाऊ दिशा मिले.

अपने संदेश में पीएम मोदी ने एक संस्कृत श्लोक का भी जिक्र किया, जिसका भाव है कि जो व्यक्ति विवेक और संयम के साथ आगे बढ़ता है, वही जीवन की कठिन राहों को पार कर अपने लक्ष्य तक पहुंचता है.

यह भी पढ़ें: बर्थडे पर बधाई, साथ में सियासी सगाई! राहुल गांधी ने अखिलेश को PDA का दिया वादा, यूपी में 2027 का एजेंडा सेट

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read