DSP Kalpana Verma Controversy: छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में इन दिनों एक ऐसा मामला चर्चा में है, जिसने खाकी वर्दी की गरिमा से लेकर सत्ता, रसूख और निजी रिश्तों तक कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला राज्य पुलिस सेवा की महिला अधिकारी डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़ा है, जिन पर रायपुर के एक होटल कारोबारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं. कारोबारी का दावा है कि लेडी अफसर ने उन्हें प्रेम संबंध में फंसाकर करोड़ों रुपये की ठगी की और बाद में ब्लैकमेल भी किया. इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है, बल्कि आम लोगों के बीच भी गहरी चर्चा का विषय बन गया है.
कौन हैं DSP कल्पना वर्मा?
कल्पना वर्मा को पुलिस महकमे में एक तेज-तर्रार और मेहनती अधिकारी के तौर पर जाना जाता रहा है. उन्होंने अपनी काबिलियत के दम पर वर्दी हासिल की और कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं. हालांकि उनकी स्कूली और कॉलेज की पढ़ाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध नहीं है, लेकिन उनका करियर इस बात का संकेत जरूर देता है कि वे उच्च शिक्षित और योग्य अधिकारी हैं.
सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, कल्पना वर्मा 2016-17 बैच की राज्य पुलिस सेवा अधिकारी हैं. डीएसपी बनने के लिए उन्होंने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की कठिन परीक्षा पास की थी, जिसे राज्य की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में गिना जाता है. इस परीक्षा में बैठने के लिए स्नातक या स्नातकोत्तर होना अनिवार्य होता है, जिससे उनकी शैक्षणिक योग्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
कहां-कहां हुई है पोस्टिंग?
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कल्पना वर्मा को रायपुर में CSP जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी. इसके अलावा वे ATS (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) जैसी संवेदनशील और विशेष इकाई में भी सेवाएं दे चुकी हैं. वर्तमान में उनकी पोस्टिंग नक्सल प्रभावित और संवेदनशील जिला दंतेवाड़ा में बतौर DSP है, जहां काम करना किसी भी अधिकारी के लिए चुनौती से कम नहीं होता.
ये भी पढ़ें- भारत की पहली महिला राफेल पायलट अब बनाएंगी अगली पीढ़ी के फाइटर पायलट
लव ट्रैप और करोड़ों की वसूली का आरोप
रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि साल 2021 में एक दोस्त के जरिए उनकी मुलाकात कल्पना वर्मा से हुई. बातचीत बढ़ी, दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया. कारोबारी का आरोप है कि इसी रिश्ते का फायदा उठाकर उनसे धीरे-धीरे करोड़ों रुपये ऐंठे गए.
दीपक टंडन का दावा है कि उन्होंने करीब 2 करोड़ रुपये नकद दिए, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख की गोल्ड चेन और एक इनोवा क्रिस्टा कार भी दी गई. इतना ही नहीं, आरोप है कि लेडी अफसर ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर वीआईपी रोड स्थित एक होटल की प्रॉपर्टी अपने भाई के नाम पर रजिस्टर करवा ली.

वायरल चैट्स पर उठा विवाद
इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही व्हाट्सएप चैट्स ने आग में घी डालने का काम किया है. कारोबारी ने इन चैट्स को सबूत के तौर पर पेश किया है. आरोप है कि डीएसपी ने उस पर पत्नी को तलाक देने का दबाव बनाया. एक मैसेज को लेकर खासा हंगामा है, जिसमें कथित तौर पर लिखा है- “तलाक ले लो, लेकिन मेरा नाम कहीं नहीं आना चाहिए.” कारोबारी का कहना है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई.
DSP कल्पना वर्मा की सफाई
इन तमाम आरोपों पर कल्पना वर्मा ने ऑडियो जारी कर अपनी सफाई दी है. उनका कहना है कि वायरल हो रही चैट्स पूरी तरह फर्जी और एडिटेड हैं. उन्होंने दावा किया कि उनके पिता और कारोबारी दीपक टंडन के बीच पुराना वित्तीय विवाद चल रहा है, जो अदालत में लंबित है. उनके मुताबिक, उसी विवाद के दबाव में उनका चरित्र हनन किया जा रहा है और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.
फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर रहे हैं. सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा, लेकिन इतना तय है कि इस पूरे प्रकरण ने पुलिस विभाग की छवि और सिस्टम पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
