नई दिल्ली, 16 फरवरी 2026. श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय, कटरा में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम भारत भारती संगठन के तत्वावधान में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार और नवचेतना स्वाभिमान चैरिटेबल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हुआ. समारोह में देशभक्ति और एकता का विशेष संदेश दिया गया.
यह आयोजन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया गया. कार्यक्रम में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया. वक्ताओं ने बताया कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों का विलय कर भारत को एक सूत्र में बांधा. आज देशवासियों की जिम्मेदारी है कि वे इस एकता को मजबूत बनाए रखें.
मोहम्मद इरफान का संबोधन
कार्यक्रम की सबसे खास चर्चा भारत भारती के उत्तर भारत प्रभारी मोहम्मद इरफान अहमद के संबोधन की रही. उन्होंने सरल भाषा में लोगों को अच्छे नागरिक बनने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि बड़े भाषणों से ज्यादा जरूरी छोटे-छोटे अच्छे काम हैं. उनका भाषण सुनकर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा.
इसके बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्र-नागरिकता की शपथ दिलाई. उन्होंने जल और बिजली बचाने, यातायात नियमों का पालन करने, अपने आसपास सफाई रखने और समाज में सहयोग की भावना बढ़ाने का संकल्प दिलाया. युवाओं से उन्होंने माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान को जीवन का मूल मंत्र बनाने की अपील की.
मुख्य अतिथियों ने रखे विचार
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गुजरात से आए प्रोफेसर डॉ. रिजवान कादरी, सदस्य प्रधानमंत्री संग्रहालय भारत सरकार ने सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डाला. एसएमवीडीयू के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार ने छात्रों से भारत की समृद्ध संस्कृति को समझने और आगे बढ़ाने की बात कही.
विशिष्ट अतिथियों में भारत भारती के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विनय पात्रले और राष्ट्रीय संगठन मंत्री जगन्नाथ कुंजबिहारी स्वाइन ने भी अपने विचार रखे. उन्होंने वंदे मातरम और राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझाया.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया. इनमें डॉ. अनीशा तिवारी, अंजू बंसल, इंजीनियर अशोक सिंह, अधिवक्ता रमांश बिल्लावरिया, प्रकाशचंद अहिरवार, गौधाम कीरियां, राजिंदर प्रसाद कक्कड़, डॉ. कुलदीप रैना और प्रो. एम.ए. वानी शामिल रहे. सभी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन भारत भारती जम्मू की अध्यक्ष विजया गुप्ता और उनकी टीम ने किया. समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक मजबूत, एकजुट और प्रगतिशील भारत के निर्माण का संकल्प लिया. कार्यक्रम में कई गणमान्य नागरिक और शिक्षाविद भी मौजूद रहे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
