Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी से मिले डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, गैस संकट की अफवाहों पर दिया जवाब, बोले- महाराष्ट्र में गैस की कोई कमी नहीं

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद कहा कि राज्य में गैस की कोई कमी नहीं है. बैठक में मिडिल ईस्ट तनाव, ईरान-इजरायल मुद्दे और अन्य विषयों पर चर्चा हुई.

Eknath Shinde PM Modi meeting

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने मंगलवार (17 मार्च) को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच ईरान-इजरायल युद्ध, देश की आंतरिक स्थिति और महाराष्ट्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में शिवसेना के कई सांसद भी मौजूद रहे, जिनमें श्रीकांत शिंदे, मिलिंद देवड़ा और अन्य नेता शामिल थे.

बैठक में क्या हुआ?

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एकनाथ शिंदे ने कहा कि मौजूदा वैश्विक तनाव के बीच शिवसेना, एनडीए की सहयोगी के रूप में प्रधानमंत्री के हर फैसले के साथ खड़ी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि मानते हुए केंद्र सरकार का पूरा समर्थन करती है.

राहुल गांधी पर साधा निशाना

शिंदे ने विपक्ष, खासकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे अंतरराष्ट्रीय संकट के समय देश में भ्रम और प्रोपेगेंडा फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेता केवल सुर्खियां बटोरने के लिए पाकिस्तान जैसे मुद्दों को उछालते हैं, जबकि शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे हमेशा “देश पहले, राजनीति बाद में” के सिद्धांत पर चलते थे.

शिंदे ने पीएम मोदी का जताया आभार

डिप्टी सीएम ने यह भी बताया कि खाड़ी देशों में तनाव के बीच कुवैत, दुबई और मस्कट में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया गया है. उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि बेहतर कूटनीतिक संबंधों के कारण होर्मुज स्ट्रेट से दो जहाजों की सुरक्षित वापसी संभव हो सकी.


ये भी पढ़ें: ‘धर्म के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं…’ UN में भारत का करारा जवाब, ‘इस्लामोफोबिया’ पर PAK को जमकर लताड़ा


गैस संकट पर क्या बोले एकनाथ शिंदे

इसके अलावा शिंदे ने राज्य में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कहीं भी गैस की कमी नहीं है और सरकार ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है. साथ ही उन्होंने शिवसेना सांसदों को निर्देश दिया कि वे संसद में इस मुद्दे पर विपक्ष के झूठे प्रचार का मजबूती से जवाब दें.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read