Bharat Express DD Free Dish

बीच सड़क हुड़दंग और थाने में नोटों की बारिश… फरीदाबाद के इन रईसजादों ने गणतंत्र दिवस पर जो किया, देख आप भी रह जाएंगे दंग

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर फरीदाबाद में रईसी का नशा कानून पर भारी पड़ गया. शराब के नशे में धुत युवकों ने पुलिस चौकी के अंदर नोटों की गड्डियां उड़ाकर खाकी का अपमान किया, लेकिन पुलिस ने तुरंत सख्त कार्रवाई की है.

हरियाणा के फरीदाबाद से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर आप भी माथा पीट लेंगे. जहां एक तरफ पूरा देश गणतंत्र दिवस के जश्न और सुरक्षा में डूबा हुआ था, वहीं शहर के कुछ रईसों के सिर पर रईसी का नशा इस कदर सवार था कि उन्हें कानून का जरा भी खौफ नहीं रहा. इन युवकों ने न केवल सड़क पर हुड़दंग मचाया, बल्कि हद तो तब हो गई जब इन्होंने पुलिस चौकी के भीतर ही नोटों की गड्डियां उड़ाकर खाकी की धज्जियां उड़ा दीं.

शराब, रफ्तार और फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा

वाकया गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या का है. पूरे शहर में पुलिस हाई अलर्ट पर थी और चप्पे-चप्पे पर चेकिंग चल रही थी. इसी बीच, तीन नंबर पुलिस चौकी इलाके में एक तेज रफ्तार कार सड़क पर शोर मचाते हुए निकली. गाड़ी के अंदर तेज आवाज में गाने बज रहे थे और युवक अपनी ही धुन में हुड़दंग कर रहे थे.

गश्त कर रही पीसीआर टीम ने जब इस संदिग्ध कार को रुकवाया, तो अंदर का नजारा देख पुलिस भी दंग रह गई. कार सवार युवक पूरी तरह शराब के नशे में धुत थे और गाड़ी के अंदर से शराब की बोतलें भी बरामद हुईं. पुलिस ने जब उन्हें कानून का पाठ पढ़ाने की कोशिश की, तो इन युवकों ने वहां भी दबंगई दिखाने से परहेज नहीं किया.

जब पुलिस चौकी में चलने लगा ‘नोटों का खेल’

असली ड्रामा तो तब शुरू हुआ जब पुलिस इन आरोपियों को पकड़कर तीन नंबर चौकी ले आई. नियमानुसार, जब जांच अधिकारी ज्योति प्रकाश ने गाड़ी का दस्तावेज मांगा, तो युवक भड़क गए. खुद को कानून से ऊपर समझते हुए इन रईसजादों ने अपनी जेबों से 500-500 के नोटों की गड्डियां निकालीं और पुलिसकर्मियों के सामने ही उन्हें हवा में उड़ाने लगे.

उनका अंदाज ऐसा था जैसे वे पुलिस को अपनी दौलत से खरीदना चाह रहे हों या फिर उनका मजाक उड़ा रहे हों. चौकी के भीतर इस तरह का व्यवहार ना केवल शर्मनाक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि कुछ लोगों के मन से पुलिस और कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है.

पुलिस की कार्रवाई

हालांकि, पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाते हुए इन युवकों को उनकी सही जगह दिखा दी. जांच अधिकारी ज्योति प्रकाश ने बताया कि आरोपियों की बदतमीजी और गैर-कानूनी हरकतों को देखते हुए उनकी गाड़ी को तुरंत जब्त कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है.

ये भी पढ़ें- इतिहास, संस्कृति और भविष्य एक मंच पर: गणतंत्र दिवस की झांकियों ने रचा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का दृश्य

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read