Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के देवास जिले में एक अनोखा मामला सामने आया. सतवास तहसील के धासड़ गांव में एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी राहुल से शादी करने की जिद पर 50 मीटर ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. कारण था कि दोनों का गोत्र एक ही है. इसलिए परिजन शादी के खिलाफ थे.
हंगामा और नीचे उतारने की कोशिश
घटना रविवार की है. इसका वीडियो सोमवार को वायरल हुआ. लड़की टॉवर पर चढ़ी तो गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. भीड़ जमा हो गई. सभी लड़की को नीचे उतरने के लिए समझाने लगे.
लड़की ने जिद पकड़ ली. उसने कहा कि राहुल और उसके परिजनों को बुलाओ. जब तक शादी की बात नहीं मानी जाएगी, नीचे नहीं उतरूंगी. कुछ ग्रामीण टॉवर पर चढ़ने लगे तो उसने कूदने की धमकी दी.

डेढ़ घंटे बाद सुरक्षित उतरी
ग्रामीणों ने राहुल को मौके पर बुलाया. बातचीत हुई. लड़की का गुस्सा कम हुआ. काफी समझाइश के बाद वह नीचे उतरने को राजी हुई. शर्त रखी कि राहुल से ही शादी करानी होगी.
करीब डेढ़ घंटे बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई. पुलिस पहुंचने से पहले ही मामला सुलझ गया. सतवास थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि लड़की की उम्र 18 साल होने में तीन महीने बाकी हैं. उसे समझाया गया कि बालिग होने के बाद शादी हो जाएगी. लड़की मान गई.
अब दोनों को रिश्तेदारों के यहां भेज दिया गया है. गांव में गोत्र और प्रेम विवाह पर चर्चा चल रही है. अच्छी बात यह है कि बड़ा हादसा टल गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



